Shahjahanpur News: होली पर खौफनाक वारदात, मुखौटा पहनकर आए पति ने पत्नी का काटा गला
Shahjahanpur News: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर के चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अजीजगंज स्थित बालाजी नगर कॉलोनी में बुधवार की सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 31 वर्षीय आरती की उसके पति ने धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में सनसनी फैल गई और लोग दहशत में आ गए।
प्रेमी के साथ रह रही थी आरती
पुलिस के अनुसार आरसी मिशन थाना क्षेत्र के मोहल्ला रेती निवासी मोहन पांडेय से आरती का विवाह हुआ था। दोनों के बीच विवाद के चलते वे अलग रहने लगे थे। इसके बाद आरती अजीजगंज में अपने प्रेमी बृजदीप के साथ रहने लगी थी। इस बात से मोहन पांडेय काफी नाराज था।
जसके बाद बुधवार की सुबह करीब छह बजे मोहन पांडेय मुखौटा लगाकर आरती के घर पहुंचा और दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया। महिला के दोस्त ने जैसे ही दरवाजा खोला, आरोपी ने बृजदीप पर तेजाब से हमला कर दिया। इस हमले में बृजदीप बुरी तरह झुलस गया।
धारदार हथियार से किया जानलेवा हमला
वहीं तेजाब फेंकने के बाद आरोपी पति ने आरती की गर्दन पर धारदार हथियार से वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि महिला के प्रेमी ने भी पलटकर वार किया। घायल अवस्था में दोनों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। होली पर लाट साहब का जुलूस होने के चलते फिलहाल इस मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई है। बताया जाता है कि आरती और उसके पति के बीच तलाक का मुकदमा चल रहा था। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
Also Read: Bulandshahr News: होली पर दबंगों का तांडव, सरेराह युवक की गोली मारकर हत्या

