Shahjahanpur News: लाला काशीनाथ ज्वैलर्स के ठिकानों पर इनकम टैक्स की रेड, सर्राफा बाजार में मचा हड़कंप
Sandesh Wahak Digital Desk: शाहजहांपुर जिले के चौक स्थित लाला काशीनाथ सेठ ज्वैलर्स के शोरूम पर शनिवार को आयकर विभाग की टीम ने छापा मारा। हालांकि, इस छापे के बारे में आयकर विभाग की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
जानकारी के अनुसार, आयकर विभाग की 21 सदस्यीय टीम ने गुरुवार सुबह करीब 11 बजे शोरूम पर छापा मारा। तब से शोरूम का मुख्य दरवाजा बंद है और बीच-बीच में सुरक्षाकर्मी तथा कुछ लोग बाहर आकर फिर अंदर चले जाते हैं। शनिवार सुबह, आयकर विभाग के दो सदस्य शोरूम से बाहर निकले और एक वाहन में बैठकर कहीं रवाना हो गए। बाकी टीम अब भी शोरूम के भीतर जांच कर रही है।
बीते 48 घंटों से आयकर विभाग की टीम अभिलेखों और स्टॉक की जांच में जुटी हुई है, जिसके कारण सराफा बाजार में कई अफवाहें फैल गई हैं। कई सर्राफा कारोबारियों ने अपनी दुकानें बंद कर दी हैं। हालांकि, छापे के दौरान आयकर विभाग को अब तक क्या मिला है, इस बारे में कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, यह छापा लंबे समय से चल रही जांच का हिस्सा हो सकता है, और आयकर विभाग से किसी बड़े खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है। फिलहाल, किसी भी विभागीय अधिकारी के पास इस मामले में और जानकारी उपलब्ध नहीं है।
Also Read: Bareilly: महिला अधिकारी की हत्या का प्रयास, 4 पुलिसकर्मी दोषी करार, सोमवार को सुनाई जाएगी सजा

