Shahjahanpur News: कछियानी में शोले जैसा नजारा, शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक
Shahjahanpur News: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने बॉलीवुड फिल्म शोले के प्रसिद्ध दृश्य की तरह नाटकीय कदम उठाते हुए मोबाइल टावर पर चढ़कर शादी की मांग कर दी।
आठ साल से एकतरफा प्यार में था युवक
मामला थाना तिलहर क्षेत्र के गांव कछियानी खेड़ा का है, जहां रामपाल कश्यप का 23 वर्षीय बेटा राजू पाल एक युवती से शादी की जिद पर अड़ गया। बताया जा रहा है कि वह पिछले करीब आठ साल से युवती से एकतरफा प्यार करता था, लेकिन लड़की के परिवार ने इस रिश्ते को स्वीकार करने से इनकार कर दिया।
परिवार के इनकार से नाराज होकर युवक गांव में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गया और वहां से कूदने की धमकी देने लगा। इस घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जुट गई और माहौल पूरी तरह फिल्मी हो गया।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस की सूझबूझ से युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। पुलिस क्षेत्राधिकारी तिलहर ज्योति यादव ने बताया कि युवक टावर की चोटी पर चढ़कर शादी की जिद कर रहा था।
तिलहर थाना प्रभारी जुगल किशोर ने बताया कि युवक को फिलहाल हिरासत में लेकर निगरानी में रखा गया है। उसकी काउंसलिंग कराई जा रही है ताकि वह मानसिक रूप से सामान्य हो सके और भविष्य में इस तरह का कदम न उठाए।
Also Read: एमएसपी से किसानों को मिलेगा लाभ, पारदर्शी व्यवस्था हमारी प्राथमिकता: सूर्य प्रताप शाही

