शाहजहांपुर: रोडवेज बस से टकराई तौकीर रजा के बेटे की कार, तलाशी में बैग से ड्रग्स’ और सिरिंज बरामद
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में मंगलवार शाम एक सड़क हादसे के बाद बड़ा खुलासा हुआ है। इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (IMC) प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां के बेटे फरमान रजा की कार लखनऊ-दिल्ली नेशनल हाईवे पर तिलहर थाना क्षेत्र में एक खड़ी रोडवेज बस से टकरा गई। पुलिस को कार की तलाशी के दौरान फरमान के बैग से नशीला पदार्थ और नशा करने के उपकरण बरामद हुए हैं।
कछियानी खेड़ा मंदिर के पास हुआ हादसा
हादसा शाम करीब 7:30 बजे हुआ, जब बरेली की ओर जा रही फरमान की तेज रफ्तार कार हनुमान मंदिर के सामने खड़ी सीतापुर डिपो की बस से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर भीड़ जमा हो गई। हालांकि, फरमान को मामूली चोटें आई हैं, लेकिन हादसे के बाद वह काफी घबराया हुआ था। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फरमान को हिरासत में लिया और उसकी कार की गहन तलाशी ली।
बैग से मिली ड्रग्स और सिरिंज
कार में मौजूद बैग की जांच के दौरान पुलिस को चौंकाने वाली चीजें मिलीं। बैग से एक पुड़िया बरामद हुई जिसमें आधा ग्राम क्रिस्टल ड्रग्स पाई गई। साथ ही नशा करने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली सिरिंज भी मौके से मिली है। पूछताछ के दौरान फरमान ने स्वीकार किया कि उसने व्यक्तिगत इस्तेमाल के लिए दिल्ली से 1 ग्राम ड्रग्स खरीदी थी, जिसमें से वह आधी इस्तेमाल कर चुका था।
मेडिकल परीक्षण और आगामी कार्रवाई
एसपी ग्रामीण दीक्षा भंवरे अरुण और एसपी राजेश द्विवेदी ने थाने पहुंचकर मामले की जांच की। पुलिस ने फरमान का मेडिकल परीक्षण कराया है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि हादसे के वक्त वह नशे में था या नहीं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: UP SIR: एक करोड़ मतदाताओं को नोटिस जारी करेगा चुनाव आयोग; नाम बचाने के लिए दिखाने होंगे ये दस्तावेज

