शाहनवाज हुसैन ने तेजस्वी पर बोला हमला, पूछा- बताएं चुनाव लड़ेंगे या नहीं

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ता जा रहा है। इसी बीच, भाजपा प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने तेजस्वी यादव से सीधे-सीधे पूछा है कि वह चुनाव लड़ेंगे या नहीं। शाहनवाज हुसैन ने दावा किया कि बिहार की जनता ने एक बार फिर NDA सरकार को सत्ता में लाने का मन बना लिया है।

शनिवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान भाजपा प्रवक्ता ने बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के पहले चरण के सफल समापन के लिए चुनाव आयोग की तारीफ की। उन्होंने इस दौरान विपक्ष, खासकर राजद और तेजस्वी यादव को आड़े हाथों लिया। हुसैन ने कहा कि विपक्ष ने मतदाता सूची के पुनरीक्षण को लेकर भ्रम फैलाने की भरपूर कोशिश की, लेकिन बिहार की जनता ने उनकी बातों पर ध्यान नहीं दिया।

नीतीश सरकार की उपलब्धियां गिनाईं

शाहनवाज हुसैन ने नीतीश सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि पिछले 20 वर्षों में बिहार ने काफी प्रगति की है। उन्होंने मुफ्त बिजली योजना, पेंशन को 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये करना, और हाल ही में पत्रकारों की पेंशन में हुई वृद्धि जैसे कार्यों का जिक्र किया। उन्होंने विपक्ष के SIR पर भ्रम फैलाने के प्रयासों को पूरी तरह से असफल बताया।

तेजस्वी पर तंज, लालू के बयान पर भी पलटवार

जब उनसे लालू यादव द्वारा तेजस्वी यादव की तारीफ करने के बारे में पूछा गया, तो शाहनवाज हुसैन ने इसे पिता का पुत्र के प्रति मोह करार दिया। उन्होंने तेजस्वी पर तंज कसते हुए कहा, तेजस्वी यादव कैसा पसीना छुड़वाते हैं? लोकसभा में 40 में से 40 सीट क्यों नहीं जीत लेते? लोकसभा में हारे, विधानसभा में भी हारेंगे। लालू यादव अपने पुत्र के मोह में बोल रहे हैं, इससे ज्यादा क्या करेंगे?

Also Read: शिक्षा के हक़ में 121 किमी पदयात्रा: सरयू जल लेकर CM योगी से मिलने पहुंचे छात्र, जानिए पूरा मामला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.