एक्शन सीक्वेंस के दौरान शाहरुख खान को लगी चोट, डॉक्टरों ने शूटिंग से ब्रेक लेने की दी सलाह
Sandesh Wahak Digital Desk: बॉलीवुड के ‘बादशाह’ शाहरुख खान इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘किंग’ की शूटिंग में व्यस्त थे, लेकिन एक एक्शन सीक्वेंस के दौरान उन्हें चोट लग गई है। यह घटना मुंबई के गोल्डन टोबैको स्टूडियो में हुई है। बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के अनुसार, 59 वर्षीय शाहरुख खान को डॉक्टरों ने एक महीने का ब्रेक लेने की सलाह दी है।
अमेरिका गए शाहरुख खान, मांसपेशी में चोट
इस झटके के बावजूद, उम्मीद है कि शाहरुख खान पूरी तरह ठीक होने के बाद जल्द ही शूटिंग पर वापस लौटेंगे। सिद्धार्थ आनंद द्वारा निर्देशित इस फिल्म में शाहरुख के साथ उनकी बेटी सुहाना खान, जयदीप अहलावत और अभिषेक बच्चन भी अहम भूमिकाओं में हैं। सूत्रों ने बताया, चोट की सटीक जानकारी गुप्त रखी गई है, लेकिन शाहरुख अपनी टीम के साथ तत्काल चिकित्सा के लिए अमेरिका गए हैं। सूत्र ने यह भी स्पष्ट किया कि यह कोई गंभीर चोट नहीं है, बल्कि मांसपेशी में खिंचाव (मसल इंजरी) है।
यह ध्यान देने योग्य है कि शाहरुख खान पिछले कुछ सालों में स्टंट करते हुए अपने शरीर की कई मांसपेशियों में चोट लगा चुके हैं। हालांकि, अभी तक शाहरुख की टीम की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
‘किंग’ के प्रोडक्शन शेड्यूल में देरी
शाहरुख को लगी चोट के कारण उनकी फिल्म ‘किंग’ के निर्माण कार्यक्रम में भी देरी हुई है। फिल्म का अगला शेड्यूल जुलाई/अगस्त में शुरू होना था, लेकिन अब इसे सितंबर/अक्टूबर तक बढ़ा दिया गया है। सूत्र ने बताया कि चोट से पूरी तरह ठीक होने के बाद, शाहरुख खान पूरी ताकत के साथ सेट पर वापसी करेंगे। फैंस को उम्मीद है कि किंग खान जल्द स्वस्थ होकर फिर से अपनी फिल्मों में जादू बिखेरेंगे।
Also Read: सलमान खान की एक्स गर्लफ्रेंड संगीता बिजलानी के फार्महाउस में घुसे चोर, जमकर की तोड़फोड़

