Shamli News: 1 लाख का इनामी कुख्यात बदमाश नफीस उर्फ मुदा मुठभेड़ में ढेर

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश पुलिस को शामली जिले में एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस और कुख्यात बदमाश नफीस उर्फ मुदा के बीच हुई मुठभेड़ में ₹1 लाख के इनामी बदमाश नफीस को ढेर कर दिया गया। नफीस पर हत्या, लूट, डकैती और नकली करेंसी सहित 36 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे।

कांधला के जंगल में हुई मुठभेड़

यह मुठभेड़ शनिवार की अलसुबह थाना कांधला क्षेत्र के गांव भभीसा के जंगलों में हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि नफीस अपने कुछ साथियों के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। इस पर पुलिस ने इलाके में घेराबंदी की, जिसके बाद जंगल में पुलिस और बदमाशों के बीच गोलीबारी शुरू हो गई।

जवाबी कार्रवाई में नफीस गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

तीन दर्जन से अधिक मामले दर्ज

नफीस उर्फ मुदा कांधला कस्बे के मोहल्ला खेल का रहने वाला था। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ जनपद शामली में लगभग तीन दर्जन (36 से अधिक) आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। इनमें हत्या, लूट, डकैती, रंगदारी और नकली करेंसी जैसे गंभीर अपराध शामिल थे। नकली करेंसी के मामलों में वह कई बार सुर्खियों में रह चुका था। पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से एक तमंचा और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

फरार साथियों की तलाश जारी

मुठभेड़ के दौरान नफीस के साथ मौजूद अन्य बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। उनकी तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटी हुई हैं। एसपी शामली ने बताया कि नफीस लंबे समय से पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। उसके मारे जाने से अपराध पर अंकुश लगेगा और इलाके में शांति बहाल करने में मदद मिलेगी। पुलिस अब फरार साथियों की तलाश में सघन अभियान चला रही है।

Also Read: IPS अधिकारी और 7 परिजनों पर FIR, पत्नी ने लगाया दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा और अवैध संबंधों का आरोप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.