अविमुक्तेश्वरानंद के कार्यक्रम को 26 शर्तों के साथ लखनऊ में मिली अनुमति, आशियाना में कल होगी बड़ी धर्मसभा

Lucknow News: ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का ‘गो-प्रतिष्ठा’ जनजागरण अभियान कल यानी 11 मार्च को अपनी राजधानी की यात्रा के मुख्य पड़ाव पर होगा। लंबी खींचतान के बाद लखनऊ प्रशासन और पुलिस ने आशियाना इलाके में कार्यक्रम आयोजित करने की हरी झंडी दे दी है।

2.15 बजे से शुरू होगा धर्मयुद्ध

आयोजकों के मुताबिक, शीतला अष्टमी (11 मार्च) के पावन अवसर पर आशियाना स्थित कांशीराम स्मृति उपवन के पास पासी किला चौराहे पर दोपहर 2:15 बजे से शाम 5 बजे तक मुख्य कार्यक्रम होगा। शंकराचार्य यहाँ से ‘गो-प्रतिष्ठा धर्मयुद्ध’ की औपचारिक शुरुआत करेंगे। प्रशासन ने इस आयोजन के लिए करीब 4.5 लाख रुपये का शुल्क भी जमा कराया है।

26 नियमों का करना होगा पालन

भले ही अनुमति मिल गई हो, लेकिन लखनऊ प्रशासन ने सुरक्षा और शांति व्यवस्था को देखते हुए 26 शर्तें थोपी हैं। अगर इनमें से किसी का भी उल्लंघन हुआ, तो अनुमति तुरंत रद्द कर दी जाएगी। मुख्य शर्तें इस प्रकार हैं।

भड़काऊ भाषण या किसी भी तरह की नारेबाजी पर पूर्ण प्रतिबंध।

हथियार, आतिशबाजी और ध्वनि प्रदूषण के नियमों का सख्त पालन।

रात 10 बजे के बाद लाउडस्पीकर का उपयोग नहीं होगा।

यातायात व्यवस्था को प्रभावित किए बिना सीमित वाहनों की अनुमति।

विदेश भाग सकते हैं शंकराचार्य

एक तरफ कार्यक्रम की तैयारी चल रही है, तो दूसरी तरफ आशुतोष ब्रह्मचारी ने शंकराचार्य की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। आशुतोष ने सोमवार को लखनऊ की पॉक्सो (POCSO) अदालत में एक अर्जी दाखिल कर मांग की है कि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का पासपोर्ट जब्त किया जाए। उनका दावा है कि शंकराचार्य जांच को प्रभावित कर सकते हैं और विदेश भागने की फिराक में हैं। हालांकि, उच्च न्यायालय ने फिलहाल स्वामी जी की गिरफ्तारी पर रोक लगा रखी है।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

कल होने वाली भारी भीड़ को देखते हुए आशियाना, पीजीआई और कृष्णानगर थाने की पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है। काशी से शुरू हुई यह यात्रा जौनपुर, सुल्तानपुर और रायबरेली होते हुए लखनऊ पहुंची है, जिसका उद्देश्य गो-रक्षा के प्रति जनजागरण करना है।

Also Read: Hardoi News: अविमुक्तेश्वरानंद ने मौलाना को दी सख्त चेतावनी, बोले- मातृशक्ति का अपमान कतई बर्दाश्त नहीं

Get real time updates directly on you device, subscribe now.