शंकराचार्य केस में नया मोड़: ‘यौन शोषण के खेल में बड़े नेता और VIP भी शामिल’, शिकायतकर्ता का सनसनीखेज दावा
Sandesh Wahak Digital Desk: ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती पर पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज होने के बाद अब इस मामले की आंच राजनीति के गलियारों तक पहुंचती दिख रही है। बुधवार को शिकायतकर्ता पक्ष ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दावा किया कि बच्चों के यौन शोषण के इस घिनौने कृत्य में कई रसूखदार नेता और वीआईपी (VIP) भी शामिल हैं।
लैपटॉप में कैद हैं ‘वीआईपी’ राज?
पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में मीडिया से बात करते हुए शिकायतकर्ता धर्मगुरु के शिष्य ने गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि उनके पास एक लैपटॉप है जिसमें कई वीआईपी नेताओं और बड़े रसूखदारों के नाबालिगों के साथ आपत्तिजनक वीडियो और फोटो मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही इन नामों का सार्वजनिक तौर पर खुलासा किया जाएगा।
आश्रमों में रची जाती थी साजिश
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर स्थित विद्यामठ और प्रतापगढ़ सहित कई अन्य स्थानों पर मासूमों का शोषण किया गया। उन्होंने चौंकाने वाला दावा करते हुए कहा कि किसी भी बड़े आश्रम में जाने से पहले, एक सोची-समझी साजिश के तहत बच्चों को इन वीआईपी मेहमानों के सामने ‘परोसा’ जाता था। इस मामले में करीब 20 युवक-युवतियों के पीड़ित होने की बात कही जा रही है।
राजनीतिक सांठगांठ और सबूत मिटाने का आरोप
प्रेस वार्ता में यह भी आरोप लगाया गया कि साक्ष्य मिटाने के लिए आलीशान भवनों और स्वीमिंग पुल जैसे निर्माणों के साथ छेड़छाड़ की जा रही है। एक बड़े नेता ने माघ मेले के दौरान शंकराचार्य को धरने के लिए उकसाया था, जिसकी कॉल डिटेल होने का दावा किया गया है। आरोपी पक्ष ने नामजद लोगों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
मेडिकल जांच पूरी, मठ तक पहुंचेगी टीम
दूसरी तरफ, पुलिस प्रशासन इस हाई-प्रोफाइल मामले में फूंक-फूंक कर कदम रख रहा है। एसीपी झूंसी विमल कुमार मिश्र की निगरानी में दूसरे नाबालिग पीड़ित का मेडिकल परीक्षण डॉक्टरों के पैनल द्वारा पूरा कर लिया गया है। दोनों नाबालिगों के बयान कोर्ट के समक्ष दर्ज कराए जा चुके हैं।
पुलिस की एक विशेष टीम जल्द ही स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के मठ में जाकर पूछताछ कर सकती है। इससे पहले पुलिस ने हरदोई जाकर भी साक्ष्य जुटाए थे।
Also Read: बरेली: कोतवाली आंवला में बिखरे हुए तीन परिवारों का हुआ ‘महामिलन’, होली से पहले घर लौटी खुशियां

