शंकराचार्य का सरकार को अल्टीमेटम, 12 मार्च को लखनऊ में होगा ‘गो प्रतिष्ठा धर्म युद्ध’ का शंखनाद

Sandesh Wahak Digital Desk: गो-माता को ‘राज्य माता’ का दर्जा दिलाने और उत्तर प्रदेश से बीफ (गो-मांस) निर्यात पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाने की मांग अब तेज हो गई है। ज्योतिषपीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने रविवार को दोटूक शब्दों में कहा कि सरकार को दी गई 40 दिनों की समयसीमा 12 मार्च को समाप्त हो रही है। यदि अगले 10 दिनों में मांगें नहीं मानी गईं, तो लखनऊ की धरती से एक बड़े धर्म युद्ध की शुरुआत होगी।

चेतावनी के 30 दिन बीते, अब आंदोलन की तैयारी

श्रीविद्या मठ में मीडिया से मुखातिब होते हुए शंकराचार्य ने कहा कि वे पिछले एक महीने से शांतिपूर्ण ढंग से सरकार के जवाब का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि चेतावनी के 30 दिन गुजर चुके हैं और अब धैर्य की परीक्षा खत्म हो रही है। अगर शेष 10 दिनों में सरकार कोई ठोस कदम नहीं उठाती, तो आगामी परिस्थितियों की पूरी जिम्मेदारी शासन की होगी।

6 मार्च से शुरू होगा धार्मिक अनुष्ठान

आंदोलन की रूपरेखा साझा करते हुए स्वामी जी ने बताया।

6 मार्च: शंकराचार्य घाट पर छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती के अवसर पर गंगा पूजन के साथ इस धर्म युद्ध का संकल्प लिया जाएगा।

7 मार्च: श्रीविद्या मठ से यात्रा प्रस्थान करेगी। संकटमोचन मंदिर में आशीर्वाद लेने के बाद यह कारवां जौनपुर, सुल्तानपुर और रायबरेली की ओर बढ़ेगा।

गांव-गांव से होकर गुजरेगी ‘गो प्रतिष्ठा यात्रा’

यह यात्रा केवल एक विरोध प्रदर्शन नहीं, बल्कि जन-जागरण का माध्यम बनेगी। इसका रूट इस प्रकार तय किया गया है।

8 मार्च: मोहनलालगंज, लालगंज, अचलगंज और उन्नाव में सभाएं।

9 मार्च: उन्नाव से होते हुए बांगरमऊ, बघौली और फिर नैमिषारण्य की पावन धरा पर पड़ाव।

10 मार्च: सिधौली और इटौंजा के रास्ते लखनऊ में प्रवेश।

11 मार्च: शीतला अष्टमी के मौके पर आशियाना स्थित कांशीराम स्मृति उपवन में एक विशाल ‘विद्वत सभा’ का आयोजन होगा, जिसमें देशभर के संत-महात्मा जुटेंगे।

12 मार्च: निर्णायक दिन

12 मार्च को लखनऊ में इस पूरे आंदोलन का चरम होगा, जिसे स्वामी जी ने ‘गो प्रतिष्ठा धर्म युद्ध’ का नाम दिया है। शंकराचार्य का मानना है कि गो-हत्या का कलंक मिटाना सनातन धर्म की रक्षा के लिए अनिवार्य है।

Also Read: यूपी रोडवेज का होली गिफ्ट, इस रूट पर बढ़ाई गईं बसों की संख्या, 9 मार्च तक छुट्टियां रद्द

Get real time updates directly on you device, subscribe now.