केरल निकाय चुनाव नतीजों पर शशि थरूर का बड़ा बयान, BJP के प्रदर्शन को सराहा
Sandesh Wahak Digital Desk: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री शशि थरूर ने केरल के स्थानीय निकाय चुनावों के नतीजों को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक अहम पोस्ट साझा की है। इस पोस्ट में उन्होंने चुनावी नतीजों को शानदार बताते हुए कहा कि यह जनादेश पूरी तरह स्पष्ट है और इससे राज्य की लोकतांत्रिक भावना साफ तौर पर झलकती है। शशि थरूर ने चुनावी परिणामों को केरल की राजनीति के लिए अहम संकेत बताया है।
नतीजों को बताया लोकतांत्रिक भावना का प्रतीक
शशि थरूर ने अपने पोस्ट में लिखा कि स्थानीय निकाय चुनावों के नतीजे यह दिखाते हैं कि मतदाताओं ने साफ और मजबूत संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि यह जनादेश स्पष्ट है और इससे यह भी जाहिर होता है कि केरल की लोकतांत्रिक सोच कितनी मजबूत है। उनके मुताबिक यह परिणाम आने वाले विधानसभा चुनावों से पहले राजनीतिक दिशा को समझने का अहम संकेत हैं।
What a day of amazing results in the Kerala local self-government elections! The mandate is clear, and the democratic spirit of the state shines through.
A huge congratulations to @UDFKerala for a truly impressive win across various local bodies! This is a massive endorsement…
— Shashi Tharoor (@ShashiTharoor) December 13, 2025
यूडीएफ को शानदार जीत की बधाई
शशि थरूर ने अलग-अलग स्थानीय निकायों में मिली जीत के लिए यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट यानी यूडीएफ को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह वास्तव में शानदार जीत है और यह बहुत बड़ा समर्थन दर्शाती है। शशि थरूर के अनुसार कड़ी मेहनत, एक मजबूत राजनीतिक संदेश और सत्ता विरोधी लहर ने मिलकर 2020 के मुकाबले कहीं बेहतर नतीजे दिलाए हैं, जो आगामी विधानसभा चुनावों के लिहाज से भी बेहद अहम हैं।
BJP के प्रदर्शन को बताया ऐतिहासिक
अपने बयान में शशि थरूर ने तिरुवनंतपुरम में बीजेपी के प्रदर्शन पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि तिरुवनंतपुरम में बीजेपी के ऐतिहासिक प्रदर्शन को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने शहर के कॉर्पोरेशन में बीजेपी की महत्वपूर्ण जीत पर बधाई देते हुए इसे शानदार प्रदर्शन बताया। शशि थरूर ने कहा कि यह जीत राजधानी के राजनीतिक परिदृश्य में एक बड़े बदलाव की ओर इशारा करती है।
एलडीएफ के शासन पर भी साधा निशाना
शशि थरूर ने कहा कि उन्होंने एलडीएफ के 45 साल के कुशासन के खिलाफ बदलाव के लिए प्रचार किया था। हालांकि, उनके मुताबिक मतदाताओं ने आखिरकार बदलाव के संकेत देते हुए एक दूसरी पार्टी को इनाम दिया है। शशि थरूर के इस बयान को केरल की राजनीति में बदलते समीकरणों के तौर पर देखा जा रहा है, जो आने वाले समय में सियासी तस्वीर को और साफ कर सकता है।
Also Read: अवैध नशे के सौदागरों की अब खैर नहीं! योगी सरकार ANTF को करेगी मजबूत

