शेख हसीना के बेटे सजीब वाजेद ने यूनुस सरकार को बताया गैरकानूनी, PM मोदी का जताया आभार
Sandesh Wahak Digital Desk: बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना को इंटरनेशनल क्राइम ट्रिब्यूनल (ICT) द्वारा सुनाई गई मौत की सज़ा पर उनके बेटे और अवामी लीग के सदस्य सजीब वाजेद ने एक इंटरव्यू में यूनुस सरकार पर जमकर हमला बोला और भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया।
सजीब वाजेद ने यूनुस सरकार की वैधता पर सवाल उठाते हुए आईसीटी के फैसले को सिरे से खारिज कर दिया। सजीब वाजेद ने कहा, आईसीटी का फैसला पूरी तरह से गैरकानूनी है। यह एक मज़ाक है। आपके पास एक ऐसी सरकार है जो पूरी तरह से बिना चुनी हुई, गैर संवैधानिक, गैर कानूनी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि यूनुस सरकार ने इस ट्रिब्यूनल के 17 जजों को हटाकर एक नए जज को नियुक्त किया, जिसे ट्रायल बेंच का कोई अनुभव नहीं है और वह साफ तौर पर पक्षपाती है।
यूनुस मेरी मां को छू नहीं सकते
जब उनसे पूछा गया कि क्या मुहम्मद यूनुस शेख हसीना को मारने की कोशिश कर रहे हैं, तो सजीब वाजेद ने आत्मविश्वास से जवाब दिया, नहीं, वे उन्हें मार नहीं पाएंगे। वे असल में सज़ा को कैसे लागू करेंगे? सबसे पहले, वे उन्हें पकड़ नहीं सकते। दूसरा, एक बार कानून का राज आ जाने पर यह पूरी प्रक्रिया खत्म हो जाएगी। यूनुस मेरी मां को छू नहीं सकते। उन्होंने प्रत्यर्पण की संभावना को भी खारिज करते हुए कहा कि प्रत्यर्पण के लिए एक लीगल सरकार और ड्यू प्रोसेस का पालन ज़रूरी है, जो बांग्लादेश में मौजूद नहीं है।
PM मोदी का जताया आभार
शेख हसीना के बेटे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत सरकार के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया। सजीब वाजेद ने कहा, मैं प्रधानमंत्री मोदी का हमेशा शुक्रगुजार रहूंगा। उन्होंने मेरी मां की सुरक्षा सुनिश्चित की है। उन्होंने मेरी मां की जान बचाई है। वह एक देश के मुखिया के तौर पर उन्हें कड़ी सुरक्षा में रख रहे हैं और इसके लिए मैं भारत सरकार और भारत के लोगों का हमेशा शुक्रगुजार रहूंगा।
Also Read: ED ने अनिल धीरुभाई अंबानी ग्रुप की 1,400 करोड़ रुपए की संपत्तियां कीं जब्त

