बांग्लादेश में बढ़ती हिंसा पर शेख हसीना का कड़ा प्रहार, बोलीं – ‘आतंकी राज्य बना दिया, लूंगी बदला’….

Sandesh Wahak Digital Desk: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने हाल ही में उन पुलिसकर्मियों की विधवाओं से वर्चुअल संवाद किया, जिनके पति हालिया हिंसक प्रदर्शनों में मारे गए थे। इस दौरान उन्होंने बांग्लादेश में बढ़ती आतंकवादी गतिविधियों की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि नोबेल पुरस्कार विजेता मोहम्मद यूनुस ने देश को “आतंकी राज्य” में तब्दील कर दिया है।

शेख हसीना ने पुलिसकर्मियों की मौत पर दुख जताते हुए कहा, “मैं लौटूंगी और हमारे पुलिसकर्मियों की मौतों का बदला लूंगी।” उन्होंने आरोप लगाया कि यूनुस की अंतरिम सरकार में कुछ लोग हिंसा को बढ़ावा दे रहे हैं, जिसमें एक छात्र नेता भी शामिल है, जिसने पुलिसकर्मियों की हत्या को क्रांति का हिस्सा बताया था। उन्होंने इस अराजकता को समाप्त करने की प्रतिबद्धता जताई और आश्वासन दिया कि पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता दी जाएगी।

‘आतंकियों को कानून का सामना करना होगा’

शेख हसीना ने अपनी जान पर हुए खतरे का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले साल 5 अगस्त को वे बड़ी मुश्किल से हिंसा से बचीं। उन्होंने कहा, “अल्लाह ने मुझे दूसरी जिंदगी दी है और मैं मानती हूं कि यह किसी उद्देश्य के लिए है।” उन्होंने जोर देकर कहा कि जो लोग बांग्लादेश को आतंकवाद के रास्ते पर धकेल रहे हैं और मानवाधिकारों का उल्लंघन कर रहे हैं, वे एक दिन कानून के शिकंजे में जरूर आएंगे।

‘अर्थव्यवस्था संकट में, कानून व्यवस्था चरमराई’

बांग्लादेश में जारी हिंसा को लेकर शेख हसीना ने कहा, “छह महीने से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन हिंसा रुकने का नाम नहीं ले रही। अब मैंने सुना है कि वे ‘ऑपरेशन डेविल हंट’ शुरू करने जा रहे हैं।” उन्होंने मौजूदा सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि वह देश को ठीक से नहीं चला पा रही है, जिससे अर्थव्यवस्था संकट में है, कानून-व्यवस्था बिगड़ रही है और आम जनता की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है।

बता दे, शेख हसीना के ये बयान बांग्लादेश में चल रही राजनीतिक उथल-पुथल और हिंसा के बीच महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। उनकी टिप्पणी से संकेत मिलता है कि यदि वे सत्ता में वापस आती हैं, तो वे इस हिंसा के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कदम उठा सकती हैं।

Also Read: टोरंटो एयरपोर्ट पर बड़ा विमान हादसा, लैंडिंग के दौरान पलटा डेल्टा एयरलाइंस का प्लेन, 19 घायल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.