विदेश जाने की अनुमति नहीं मिलने से शिल्पा शेट्टी ने रद्द किया LA दौरा, हाईकोर्ट से वापस ली याचिका
Sandesh Wahak Digital Desk: बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा के लिए कानूनी मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। 60 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के एक मामले में जारी लुकआउट सर्कुलर (LoC) के कारण शिल्पा शेट्टी को विदेश यात्रा की अनुमति नहीं मिल पा रही है, जिसके चलते उन्हें लॉस एंजेलिस जाने का अपना कार्यक्रम रद्द करना पड़ा है।
शिल्पा शेट्टी ने यूट्यूब के एक इवेंट में शामिल होने के लिए बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका दायर कर विदेश यात्रा की अनुमति मांगी थी, लेकिन अदालत ने उन्हें मंज़ूरी नहीं दी।
वापस ली विदेश यात्रा की याचिका
शिल्पा के वकील ने अदालत को बताया कि अभिनेत्री अपनी इस यात्रा की याचिका वापस ले रही हैं। उन्होंने कहा कि जब शिल्पा को दिसंबर में फिर से विदेश जाना होगा, तब वे नई याचिका दाखिल करेंगी।
धोखाधड़ी मामले में शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा के ख़िलाफ़ लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया था, जिसके कारण दोनों की विदेश यात्रा पर रोक लगी हुई है। यह मामला बिजनेसमैन दीपक कोठारी से जुड़ा है, जिन्होंने आरोप लगाया है कि 2015 से 2023 के बीच उन्होंने शिल्पा और राज कुंद्रा की कंपनी में 60 करोड़ रुपये का निवेश किया था।
उनका दावा है कि शिल्पा और राज कुंद्रा ने इस निवेश का उपयोग व्यवसाय में करने की बजाय अपने निजी ख़र्चों में किया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शिल्पा ने निवेश के लिए पर्सनल गारंटी दी थी, लेकिन बाद में कंपनी से हटने के बाद भी पैसे वापस नहीं किए।
शिल्पा शेट्टी ने अपने बयान में स्वीकार किया था कि उन्हें कंपनी से चार करोड़ रुपये सेलिब्रिटी फीस के तौर पर मिले थे। उन्होंने बताया था कि वह जनवरी 2016 में ही कंपनी के निदेशक पद से इस्तीफ़ा दे चुकी थीं।
Also Read: बिहार चुनाव: बसपा ने जारी की 88 प्रत्याशियों की पहली सूची, स्टार प्रचारकों के नाम भी घोषित

