60 करोड़ की धोखाधड़ी पर शिल्पा शेट्टी ने तोड़ी चुप्पी, आरोपों को बताया बेबुनियाद
Sandesh Wahak Digital Desk: बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा एक बार फिर कानूनी मुश्किलों में घिरते नजर आ रहे हैं। 60 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के आरोपों के बाद मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने मामले की जांच तेज कर दी है। अब इस पूरे विवाद पर शिल्पा शेट्टी ने अपनी चुप्पी तोड़ी है और सोशल मीडिया के जरिए अपना पक्ष रखा है।
शिल्पा शेट्टी ने अपने इंस्टाग्राम पर एक विस्तृत नोट साझा करते हुए सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने लिखा, हम पर लगाए जा रहे सभी आरोप पूरी तरह बेबुनियाद और झूठे हैं। जिस मामले को अपराध का रंग दिया जा रहा है, उसका कोई कानूनी आधार नहीं है। यह केवल व्यापार में हुई विफलता और कंपनी के दिवालियापन से जुड़ा विवाद है।
शिल्पा ने आगे बताया कि उन्होंने बॉम्बे हाई कोर्ट में क्वाशिंग पिटीशन (मामला रद्द करने की याचिका) दायर की है, जिस पर फैसला आना अभी बाकी है। उन्होंने मीडिया से भी अपील की कि अदालत का फैसला आने तक जल्दबाजी में कोई रिपोर्टिंग न करें।

60 करोड़ की ठगी का यह मामला
इस विवाद की शुरुआत मुंबई के बिजनेसमैन दीपक कोठारी की शिकायत से हुई। कोठारी का आरोप है कि 2015 से 2023 के बीच उन्होंने बेस्ट डील टीवी प्राइवेट लिमिटेड नाम की कंपनी में लगभग 60 करोड़ रुपये निवेश किए थे। यह कंपनी शिल्पा और राज कुंद्रा की थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, उन्हें भारी मुनाफे और रिटर्न का भरोसा दिया गया था, लेकिन न तो उन्हें लाभ मिला और न ही उनके मूल पैसे वापस किए गए।
पुलिस की कार्रवाई और धारा 420
मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने प्राथमिक जांच के बाद मामले में धोखाधड़ी के पुख्ता संकेत मिलने की बात कही है। इसी आधार पर मामले में धारा 420 (धोखाधड़ी) भी जोड़ दी गई है। हालांकि, कुंद्रा दंपति का कहना है कि उन्होंने हमेशा जांच में सहयोग किया है और उन्हें देश की न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है।

