Lucknow News: दुबई में दबोचा गया शाइन सिटी का भगोड़ा राशिद नसीम, अब भारत लाने की तैयारी
Lucknow News: उत्तर प्रदेश पुलिस और प्रवर्तन निदेशालय (ED) के लिए एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। निवेश के नाम पर हजारों मध्यमवर्गीय परिवारों को चूना लगाने वाला शाइन सिटी ग्रुप का प्रमोटर राशिद नसीम संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में गिरफ्तार कर लिया गया है। यह कार्रवाई भारत की जांच एजेंसियों द्वारा भेजे गए डोजियर और कड़े अंतरराष्ट्रीय दबाव के बाद हुई है।
प्रयागराज के करेली का रहने वाला राशिद नसीम साल 2013 में लखनऊ आया और शाइन सिटी इंफ्रा प्रोजेक्ट की शुरुआत की। उसने गोमती नगर में आलीशान दफ्तर खोला और लोगों को सस्ते प्लॉट, फ्लैट और निवेश पर ऊंचे रिटर्न का लालच दिया।
फर्जी साइट्स: आरोप है कि राशिद के पास अपनी कोई जमीन नहीं थी। वह किसानों के खेतों में होर्डिंग लगवाकर उन्हें अपनी प्रोजेक्ट साइट बताता था।
बड़ा जाल: करीब 10 लाख निवेशकों से बुकिंग और किस्तों के नाम पर 800 से 1000 करोड़ रुपये (अनुमानित) जुटाए गए।
नेपाल के रास्ते भागा था दुबई
जब लखनऊ और वाराणसी में ठगी की परतें खुलने लगीं और मुकदमों की बाढ़ आ गई, तो राशिद नसीम नेपाल के रास्ते भारत छोड़कर दुबई भाग गया। यूपी पुलिस ने उसके खिलाफ लगभग 3000 मामले दर्ज किए हैं, जो दिल्ली, बिहार, पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र तक फैले हुए हैं। प्रवर्तन निदेशालय ने यूपी पुलिस की फाइलों के आधार पर जांच शुरू की। राशिद को समन भेजे गए, लेकिन वह कभी पेश नहीं हुआ।
भगोड़ा घोषित: अप्रैल 2025 में लखनऊ की विशेष अदालत ने उसे भगोड़ा आर्थिक अपराधी (FEO) घोषित किया।
संपत्ति जब्त: दिसंबर 2025 में कोर्ट ने उसकी 127.98 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त करने का आदेश दिया।
Also Read: ‘केजरीवाल का बेदाग छूटना भाजपा के लिए ‘नैतिक मृत्युदंड’ जैसा’, अखिलेश यादव का तीखा प्रहार

