शिवपाल का योगी सरकार पर हमला: “2047 का सपना, बेरोजगारों को सिर्फ आशा”
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश विधानसभा में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन 2047 को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि यह सपना ऐसा है जैसे आज के बेरोजगारों से कहा जा रहा हो—“तुम्हारे पोते-पोती को नौकरी मिलेगी, तुम बस आशा रखो।” उन्होंने आरोप लगाया कि लाखों युवा नौकरी का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन सरकार उन्हें भविष्य के सपने दिखा रही है।
महिलाएं सड़कों पर असुरक्षित हैं
शिवपाल ने कहा कि प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह पटरी से उतर चुकी है। “अस्पतालों में कुत्ते लेटे हैं, गांव के स्वास्थ्य केंद्रों पर ताले लगे हैं, डॉक्टर और दवा दोनों नदारद हैं।” उन्होंने कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि “अपराधियों का अमृत काल” चल रहा है और महिलाएं सड़कों पर असुरक्षित हैं।
जिससे हाथ तक जम जाते हैं
शिक्षा व्यवस्था को लेकर उन्होंने कहा कि आधे स्कूलों में बिजली नहीं है, न फर्नीचर है, न ड्रेस, न किताबें। “ऐसे में 2047 में स्मार्ट क्लासरूम कैसे लागू करेंगे?” उन्होंने नई शिक्षा नीति की भी आलोचना की और कहा कि कॉलेजों में पढ़ाई नहीं हो रही, सिर्फ परीक्षाएं हो रही हैं। सेमेस्टर सिस्टम के तहत ठंड में बच्चों को परीक्षा देनी पड़ रही है, जिससे हाथ तक जम जाते हैं।
केवल परीक्षाएं आयोजित हो रही हैं
भर्ती प्रक्रियाओं में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए शिवपाल ने कहा कि “कोई भी भर्ती बिना पैसे के नहीं हो रही। पैसे देकर परीक्षा सेंटर बनाए जा रहे हैं।” उन्होंने उच्च शिक्षा को चौपट करने का आरोप लगाते हुए कहा कि साल भर पढ़ाई न होकर केवल परीक्षाएं आयोजित हो रही हैं।
समस्याओं से जूझ रही है
उन्होंने भाजपा पर केवल शिलान्यास और नामपट्टिका बदलने का आरोप लगाया और कहा कि गरीबों को 2047 तक इंतजार करना होगा। “8 साल की नाकामी को 22 साल के सपने से ढंकने की कोशिश हो रही है, जबकि जनता वर्तमान की समस्याओं से जूझ रही है।”
Also Read: पहलवान सागर धनखड़ हत्याकांड, सुशील कुमार की जमानत रद्द, एक हफ्ते में करना होगा सरेंडर

