ओपी राजभर पर भड़के शिवपाल, बोले- उन्हें किसी विशेषज्ञ डॉक्टर से इलाज की जरूरत
Firozabad News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव ने रविवार को फिरोजाबाद दौरे के दौरान भारतीय जनता पार्टी और उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर राजनीतिक तीरों की बौछार कर दी। आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर बड़ा दावा करते हुए शिवपाल यादव ने कहा कि साल 2027 में उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा को सत्ता से उखाड़ फेंकेगी और समाजवादी पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी, जिसके बाद अखिलेश यादव प्रदेश के अगले मुख्यमंत्री बनेंगे।
केवल झूठ बोलना ही इस सरकार की यूएसपी है
प्रदेश सरकार को आड़े हाथों लेते हुए सपा नेता ने कहा कि वर्तमान सरकार ने देश और प्रदेश के विकास के लिए कोई ठोस कार्य नहीं किया है। उन्होंने आरोप लगाया, यह सरकार केवल झूठ के सहारे चल रही है। आज पूरे उत्तर प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार अपने चरम पर पहुंच चुके हैं, जिससे आम जनता त्रस्त है। जनता इस कुशासन से मुक्ति चाहती है और 2027 में बदलाव तय है।
सुभासपा प्रमुख और कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर द्वारा अखिलेश यादव पर की जा रही लगातार बयानबाजी पर शिवपाल यादव ने बेहद तीखा और तंजिया पलटवार किया। उन्होंने कहा, राजभर जो कुछ भी बोलते हैं, उसका कोई वजूद या मतलब नहीं होता है। उनकी राजनीतिक बयानबाजी को देखते हुए लगता है कि उन्हें अब एक अच्छे इलाज की जरूरत है, और कोई विशेषज्ञ डॉक्टर ही उनका यह इलाज कर सकता है।
राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर बड़ा आरोप
अयोध्या के राम मंदिर में सामने आए कथित दान घोटाले और चोरी के मामले पर शिवपाल यादव ने सरकार की मंशा पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस हाईप्रोफाइल मामले में केवल छोटे-छोटे कर्मचारियों को मोहरा बनाकर फंसाया जा रहा है, जबकि ट्रस्ट के बड़े जिम्मेदार लोगों को साफ बचाया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और उन बड़े रसूखदारों को भी बेनकाब किया जाना चाहिए जो इन दोषियों को पर्दे के पीछे से संरक्षण दे रहे हैं।
कांग्रेस के साथ गठबंधन की स्थिति स्पष्ट करते हुए शिवपाल यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस का गठबंधन पूरी मजबूती के साथ कायम है और 2027 के रण में इस गठबंधन की ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित है। योगी सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में विपक्ष और आम लोगों को फर्जी मुकदमों में फंसाकर प्रताड़ित किया जा रहा है। सरकार न तो लोकतंत्र और संविधान को मानती है और न ही अदालतों के दिशा-निर्देशों का सम्मान कर रही है। सपा कार्यकर्ता इस तानाशाही के खिलाफ सड़कों पर संघर्ष करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
Also Read: पाकिस्तान क्रिकेट में बड़ा बदलाव, बाबर आजम फिर बने टेस्ट कप्तान, शान मसूद को हटाया गया

