शिवपाल यादव का सपा से निष्कासित पूजा पाल पर बड़ा हमला, बोले- अब कभी नहीं बन पाएंगी विधायक
Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी (सपा) से हाल ही में निष्कासित हुईं विधायक पूजा पाल को लेकर सपा के महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने एक बड़ा बयान दिया है। शुक्रवार, 15 अगस्त, 2025 को इटावा में शिवपाल ने कहा कि पूजा पाल का हश्र भाजपा के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य जैसा होगा और वह अब कभी विधायक नहीं बन पाएंगी। यह बयान सपा द्वारा पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में पूजा पाल को बाहर का रास्ता दिखाए जाने के बाद आया है।
शिवपाल यादव ने इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा सरकार पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने सरकार पर पिछले आठ साल में एक भी वादा पूरा न करने का आरोप लगाया। उन्होंने किसानों, बिजली, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी के मुद्दों पर सरकार को घेरा और कहा कि प्रदेश को नौकरशाही के भरोसे छोड़ दिया गया है।
पूजा पाल ने अखिलेश के ‘PDA’ पर उठाए सवाल, योगी आदित्यनाथ की तारीफ
सपा से निकाले जाने के बाद विधायक पूजा पाल ने भी पार्टी पर पलटवार किया है। उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के ‘PDA’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) नारे पर सवाल उठाए और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जमकर तारीफ की।
पूजा पाल ने अपनी निजी जिंदगी का जिक्र करते हुए कहा कि वह राजनीति में आने से पहले एक पीड़ित महिला थीं, एक पीड़ित पत्नी थीं। उन्होंने बताया कि उनके पति राजू पाल की शादी के नौ दिन बाद ही हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद उन्होंने न्याय के लिए लंबी लड़ाई लड़ी।
उन्होंने कहा, “जिस दिन से मुख्यमंत्री योगी ने अतीक अहमद को मिट्टी में मिलाया, उसी दिन से मैं उनकी तारीफ कर रही हूँ।” अखिलेश यादव पर सीधा हमला बोलते हुए पूजा पाल ने कहा, “ये ‘PDA’ की बात करते हैं। मैं भी तो पिछड़ी जाति की हूँ। अखिलेश यादव ने साबित कर दिया है कि वे ‘PDA’ के खिलाफ थे, हैं और रहेंगे।”
Also Read: CM योगी ने फहराया तिरंगा, बोले- ‘विकसित भारत’ का सपना तभी होगा साकार जब हर नागरिक निभाएगा कर्तव्य

