शिवपाल यादव का योगी-मोदी सरकार पर तंज, 14 सालों में सिर्फ महंगाई बढ़ी
Etawah News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने शनिवार को केंद्र और राज्य की बीजेपी सरकारों पर जमकर हमला बोला। इटावा के गोरा दयालपुर में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि पिछले 14 सालों में जनता को लूटकर महंगाई लगातार बढ़ाई गई है और जीएसटी के नाम पर लोगों पर बोझ डाला गया है। उन्होंने कहा कि अब जनता इन बेईमानों को माफ नहीं करेगी।
पीएम मोदी के मणिपुर दौरे पर उठाए सवाल
शिवपाल यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मणिपुर दौरे को लेकर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आते ही विकास योजनाओं की घोषणाएँ शुरू हो जाती हैं, लेकिन चुनाव खत्म होने के बाद गुजरात की कंपनियाँ सब कुछ लूट लेती हैं। उन्होंने लोगों से ऐसी घोषणाओं से सतर्क रहने की अपील की।
कानून-व्यवस्था ध्वस्त, भ्रष्टाचार चरम पर
राज्य की योगी सरकार पर निशाना साधते हुए शिवपाल ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि आए दिन बलात्कार और सामूहिक बलात्कार की घटनाएँ हो रही हैं, और महिलाएँ सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने भ्रष्टाचार और बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने ‘जल जीवन मिशन’ को पूरी तरह असफल बताते हुए कहा कि आज भी गाँवों में पानी नहीं पहुँच रहा है।
शिवपाल यादव ने योगी सरकार के 2047 तक विकसित यूपी के संकल्प को झूठा बताया। उन्होंने कहा कि हकीकत में सिर्फ सत्ताधारी लोग अपने घर, कॉलेज और यूनिवर्सिटी बना रहे हैं, जबकि प्रदेश का विकास नहीं हो रहा।
आगामी चुनावों की रणनीति पर बात करते हुए उन्होंने साफ किया कि समाजवादी पार्टी ग्राम सभा, प्रधान और बीडीसी चुनाव में हिस्सा नहीं लेगी। हालांकि, जिला पंचायत और ब्लॉक प्रमुख चुनावों में पार्टी अपने प्रत्याशी जरूर उतारेगी। उन्होंने यह भी बताया कि विधानसभा चुनाव की तैयारियाँ शुरू हो चुकी हैं।
Also Read: Kanpur News: बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट अनिवार्य, डीएम ने दी अहम जानकारी

