ISI के निशाने पर शिवराज सिंह चौहान, Z+ सिक्योरिटी में बदलाव

Sandesh Wahak Digital Desk: केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की सुरक्षा व्यवस्था (Z+) को और सख्त कर दिया गया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने मध्य प्रदेश के डीजीपी को पत्र भेजकर इस संबंध में अहम जानकारी साझा की है। गृह मंत्रालय के मुताबिक शिवराज सिंह चौहान पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के निशाने पर हैं और उनके बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश की जा रही थी। इसी इनपुट के बाद सुरक्षा बढ़ाने का फैसला लिया गया है।

आवासों पर कड़ी निगरानी

शिवराज सिंह चौहान के भोपाल स्थित 74 बंगला क्षेत्र के बी-8 आवास के चारों तरफ पुलिस ने अतिरिक्त बैरिकेडिंग कर दी है। बंगले के बाहर सुरक्षा व्यवस्था को पहले से ज्यादा मजबूत किया गया है। वहीं दिल्ली स्थित उनके सरकारी आवास पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बताया गया है कि आईएसआई की ओर से शिवराज सिंह चौहान में दिलचस्पी दिखाने की जानकारी मिलने के बाद दोनों जगहों पर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं।

पहले से Z+ सुरक्षा, अब और सख्ती

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पहले से ही Z+ श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है। इसके बावजूद गृह मंत्रालय के इनपुट के बाद सुरक्षा व्यवस्था की दोबारा समीक्षा की गई और उसमें और इजाफा किया गया है। इनपुट मिलते ही स्थानीय पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने भोपाल और दिल्ली दोनों शहरों में उनकी सुरक्षा रिंग को मजबूत कर दिया। शुक्रवार देर रात भोपाल स्थित आवास के बाहर सुरक्षा बढ़ी हुई साफ देखी गई।

Z+

गृह मंत्रालय के सख्त निर्देश

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित सभी एजेंसियों और मध्य प्रदेश के डीजीपी को सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक न होने के सख्त आदेश दिए हैं। इसके साथ ही मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव को भी हाई अलर्ट पर रहने को कहा गया है। दिल्ली पुलिस के विशेष आयुक्त (सुरक्षा) को भी केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि हर स्तर पर निगरानी बनी रहे।

ISI की दिलचस्पी पर एजेंसियां सतर्क

गृह मंत्रालय द्वारा जारी पत्र के मुताबिक आईएसआई ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बारे में जानकारी हासिल करने में दिलचस्पी दिखाई है। केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों की सलाह पर उनकी सुरक्षा व्यवस्था की गहन जांच की गई है। पत्र में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को उचित रूप से समायोजित किया जाए और हर संभावित खतरे को ध्यान में रखते हुए सतर्कता बरती जाए। गृह मंत्रालय के इस इनपुट के बाद से सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह चौकन्नी हैं और शिवराज सिंह चौहान की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखा गया है।

 

Also Read: योगी सरकार का किसानों की ‘आर्थिक समृद्धि’ पर जोर, धान किसानों को 4500 करोड़ से अधिक का भुगतान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.