Lucknow News: संभल हिंसा पर बड़ा खुलासा, जांच रिपोर्ट में सामने आए चौंकाने वाले आंकड़े

Lucknow News: उत्तर प्रदेश के संभल में नवंबर 2024 में हुई हिंसा की जांच रिपोर्ट मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सौंप दी गई है। राज्य सूचना विभाग के अनुसार, 450 पन्नों की इस रिपोर्ट में हिंसा की घटना और शहर में हुए पिछले दंगों का विस्तृत ब्यौरा है। रिपोर्ट में संभल की जनसंख्या में आए बदलावों के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई है।

रिपोर्ट के अनुसार, एक समय जहाँ संभल में हिंदू समुदाय की आबादी 45% थी, वह अब घटकर मात्र 20% रह गई है। रिपोर्ट बताती है कि आजादी के समय संभल नगर पालिका में 55% मुस्लिम और 45% हिंदू आबादी थी, लेकिन अब मुस्लिम आबादी बढ़कर 85% हो गई है, जबकि हिंदू आबादी 15% पर सिमट गई है। इस दौरान, संभल में अब तक कुल 15 दंगे हो चुके हैं।

Sambhal violence

कैसे भड़की थी हिंसा

24 नवंबर, 2024 को शाही जामा मस्जिद के भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) द्वारा किए जा रहे सर्वे के दौरान हिंसा भड़क उठी थी। कोर्ट के आदेश पर हो रहे इस सर्वे के दौरान स्थानीय लोग मस्जिद के बाहर जमा हो गए थे। जब तनाव बढ़ा, तो पुलिस ने बल प्रयोग किया और गोलीबारी में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए।

हिंसा के बाद, पुलिस पर छतों से पथराव करने के आरोप में 12 FIR दर्ज की गईं और 80 लोगों को गिरफ्तार किया गया। आरोपपत्र के अनुसार, इस मामले में कुल 159 आरोपी थे। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि घटना स्थल से मिले हथियार यूके, अमेरिका और जर्मनी में बने थे।

इस घटना की जांच के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने एक त्रि-स्तरीय न्यायिक जांच आयोग का गठन किया था, जिसके अध्यक्ष सेवानिवृत्त न्यायाधीश देवेंद्र अरोड़ा थे। इस आयोग में पूर्व डीजीपी एके जैन और पूर्व आईएएस अमित मोहन प्रसाद भी शामिल थे। अब यह रिपोर्ट मुख्यमंत्री को सौंपी जा चुकी है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की उम्मीद है।

Also Read: Lucknow News: प्रो. रविकांत के समर्थन में छात्रों ने किया प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.