Bulandshahr News: बुलंदशहर में पुलिस के सामने फिल्मी स्टाइल फायरिंग, युवक के सिर में लगी गोली
Bulandshahr News: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के सिकंदराबाद क्षेत्र में शुक्रवार को एक मामूली सा बाइक हटाने का विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। गांव किशनपुर में हुए इस विवाद के बाद हालात ऐसे बिगड़े कि पुलिस की मौजूदगी में ही फायरिंग और कार में तोड़फोड़ कर दी गई। इस घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे नोएडा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद
जानकारी के अनुसार, गांव किशनपुर निवासी विजय अपनी कार से घर लौट रहा था। इसी दौरान गांव के एक क्लीनिक के बाहर गौतमबुद्धनगर के गांव सैंथली निवासी दो युवक बाइक लेकर खड़े थे। विजय ने उनसे बाइक हटाने को कहा, जिससे बहस शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर एक पक्ष ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया और माहौल तनावपूर्ण हो गया। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस दोनों युवकों को हिरासत में लेकर कोतवाली जा रही थी।
इसी दौरान गांव निवासी भास्कर कौशिक अपने परिजनों के साथ पुलिस वाहन के पीछे जा रहे थे। जैसे ही उनका काफिला गांव के बाहर पहुंचा, दूसरे पक्ष के युवकों ने बाइक और कारों से रास्ता रोक दिया। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से कार पर हमला किया और जमकर तोड़फोड़ की। इसी दौरान फायरिंग भी हुई, जिसमें कार चला रहे भास्कर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद अस्पताल में भर्ती, पुलिस जांच जारी
फायरिंग की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। मौके पर सीओ और भारी पुलिस बल पहुंचा। पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि पुलिस का कहना है कि गोली लगने की पुष्टि अभी जांच का विषय है और घायल कांच या किसी अन्य वजह से भी चोटिल हो सकता है।
पुलिस का बयान और आगे की जांच
एसपी सिटी के अनुसार, बाइक हटाने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद मारपीट और फायरिंग की घटना सामने आई है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और सीसीटीवी व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

