लखनऊ में बार के बाहर चली गोली, पुलिस ने 4 लोगों को किया गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में एक बार के बाहर फायरिंग करने के आरोप में पुलिस ने एक महिला सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक लाइसेंसी पिस्टल, मैगजीन और जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान हर्ष मिश्रा, प्रिंस वर्मा, रोहित पटेल और स्वाती के रूप में हुई है।

क्या था पूरा मामला?

20 सितंबर 2025 को सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस को सूचना मिली कि एक बार के बाहर फायरिंग हुई है। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शिकायतकर्ता अनुज चौधरी ने पुलिस को बताया कि उनके कुछ दोस्तों का बार में गार्डों के साथ विवाद हो गया था।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे रात में मौज-मस्ती करने आए थे, लेकिन गार्डों ने उन्हें बार से बाहर जाने को कहा, जिस पर उनका झगड़ा हो गया। जब हर्ष और स्वाती बाहर आए, तो उनके साथ उनके दोस्त प्रिंस और रोहित भी थे। गुस्से में आकर हर्ष ने रोहित पटेल की लाइसेंसी पिस्टल से हवा में गोली चला दी।

पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लिया और मौके से पिस्टल, मैगजीन, 5 जिंदा कारतूस और 2 खाली खोखे बरामद किए। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार को भी जब्त कर लिया है। सभी आरोपियों को संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने कहा कि लाइसेंसी पिस्टल का गलत इस्तेमाल करने के आरोप में रोहित पटेल के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।

Also Read: बहराइच हादसा: AMU के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष डॉ. फैज़ुल हसन ने मृतकों के परिजनों से मिलकर जताया दुख

Get real time updates directly on you device, subscribe now.