श्रद्धा दुबे की अब जेल में कटेगी रात, बहन और ड्राइवर समेत तीनों 10 दिन की न्यायिक हिरासत में
Shiva Sharma Death Case: लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में मॉडल श्रद्धा दुबे (Shraddha Dubey), उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर दानिश को कोर्ट से राहत नहीं मिली। अदालत ने सुनवाई के बाद तीनों आरोपियों को 10 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया। इससे पहले पुलिस ने तीनों से पूछताछ की और सिविल अस्पताल में उनका मेडिकल कराया।
उत्तर प्रदेश एसटीएफ (UP STF) ने मंगलवार को तीनों को नागपुर के एक अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया था। इसके बाद उन्हें लखनऊ लाया गया। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे श्रद्धा को हजरतगंज थाने पहुंचाया गया। इस दौरान वह हाथों से चेहरा छिपाने की कोशिश करती नजर आई।
श्रद्धा से 6 घंटे पूछताछ, कई सवालों के जवाब देने से परहेज
पुलिस ने हजरतगंज थाने में श्रद्धा दुबे से करीब छह घंटे तक पूछताछ की। जांच टीम ने उससे घटना वाले दिन के हालात और शिवा शर्मा की मौत से जुड़े सवाल किए। उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश से भी अलग-अलग पूछताछ हुई।
सूत्रों के मुताबिक, Shraddha Dubey ने कई सवालों का जवाब देने से परहेज किया और बार-बार कहा कि उससे नहीं, बल्कि उसके वकील से बात की जाए। डीसीपी सेंट्रल अर्पित विजयवर्गीय के मुताबिक, तीनों आरोपियों से विस्तार से पूछताछ की गई है। उनके कब्जे से बरामद मोबाइल फोन और अन्य सामान सील कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे जा रहे हैं।
पूछताछ के बाद पुलिस तीनों को सिविल अस्पताल ले गई, जहां करीब 35 मिनट तक मेडिकल जांच हुई। अस्पताल निदेशक डॉ. जीपी गुप्ता ने बताया कि पुलिस की मौजूदगी में दो महिलाओं और एक पुरुष की मेडिको-लीगल जांच की गई। तीनों के स्वास्थ्य संबंधी मानक सामान्य पाए गए।
9 अक्टूबर को हुई थी कारोबारी की मौत
लखनऊ में 9 अक्टूबर को शिवा शर्मा की श्रद्धा दुबे के फ्लैट से गिरने के बाद मौत हो गई थी। शिवा की मां ने श्रद्धा के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कराई थी। इसके बाद से श्रद्धा फरार चल रही थी।
पुलिस अब शिवा की मौत (Shiva Sharma Death Case) के पीछे की वजह, घटना के हालात और तीनों आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। कोर्ट के आदेश के बाद अब तीनों आरोपी 10 दिन तक न्यायिक हिरासत में जेल में रहेंगे।

