Shravasti News: जहरीले बीज खाने से 30 बच्चे बीमार, 10 की हालत गम्भीर, जिला अस्पताल में चल रहा इलाज
Sandesh Wahak Digital Desk: श्रावस्ती में एक बड़ा हादसा उस समय हो गया जब खेतों में खेल रहे तीस बच्चों ने गलती से रेंड़ (Castor) के बीज खा लिए।
देर रात सभी बच्चों की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजनों ने उन्हें तुरंत जिला अस्पताल भिनगा पहुंचाया। अस्पताल में सभी बच्चों का इलाज जारी है, जिनमें से दस की हालत गंभीर बताई जा रही है।
खेत में खेलते समय खाए रेंड़ के बीज
घटना थाना कोतवाली भिनगा क्षेत्र के केशवपुर गांव की है। शुक्रवार शाम गांव के कई बच्चे खेतों में घूमने गए थे।
वहां उन्होंने रेंड़ के पेड़ से फल तोड़कर देखा कि उसके अंदर मूंगफली जैसे दाने हैं। बच्चों ने उत्सुकता में इन दानों को चखना शुरू कर दिया और कई बीज खा लिए।
कुछ बच्चे ये बीज अपने साथ घर भी ले आए और अन्य बच्चों को भी खाने के लिए दे दिए। कुछ ही घंटों बाद सभी बच्चों को उल्टी-दस्त और तेज पेट दर्द की शिकायत होने लगी।
देर रात बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया
परिजनों ने स्थिति बिगड़ते देख सभी बच्चों को आनन-फानन में जिला अस्पताल भिनगा पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार बच्चों ने किसी जहरीले पदार्थ (टॉक्सिक सीड) का सेवन किया है, जिसके कारण सभी की हालत अचानक खराब हुई।
डॉक्टरों ने बताई स्थिति
जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में मौजूद डॉ. एम.एम. सोनकर ने बताया:
“करीब 30 बच्चे पेट दर्द और उल्टी-दस्त की शिकायत के साथ भर्ती हुए हैं। दस बच्चों की हालत गंभीर थी, लेकिन अब सभी खतरे से बाहर हैं। उन्होंने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन किया है, प्राथमिक जांच में रेंड़ के बीज की आशंका है।”
परिजनों ने बताया— बच्चों की जेब में मिले बीज
परिजनों ने बताया कि अस्पताल में जांच के दौरान कुछ बच्चों की जेब से रेंड़ के बीज भी मिले, जिससे स्पष्ट हो रहा है कि उन्होंने खेत में खेलने के दौरान इन्हें खा लिया था।
फिलहाल, अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग सभी बच्चों पर नजर बनाए हुए है और उनका उपचार जारी है।

