Shravasti News: घरौनी के नाम पर घूसखोरी, लेखपाल पर लाखों की अवैध वसूली का आरोप

Sandesh Wahak Digital Desk: प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी घरौनी योजना, जिसका उद्देश्य ग्रामीणों को उनके घरों का मालिकाना हक देना है, श्रावस्ती जिले में भ्रष्टाचार के आरोपों से घिर गई है।

जमुनहा तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत हरदत्त नगर गिरंट में तैनात एक लेखपाल पर ग्रामीणों ने घरौनी बनाने के नाम पर अवैध वसूली का गंभीर आरोप लगाया है।

ग्रामीणों के अनुसार, वर्ष 2021 से तैनात लेखपाल द्वारा प्रत्येक घर से 5 से 10 हजार रुपये तक की रकम वसूली गई। इसके बावजूद गांव के अधिकांश लोगों की घरौनी अब तक तैयार नहीं की गई। कई बार पूछताछ करने पर भी लेखपाल की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं मिला, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता गया।

इसी नाराजगी के चलते सैकड़ों ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर प्रदर्शन किया।

ग्रामीणों का कहना है कि सरकार की गृह भू-स्वामित्व अधिकार योजना का लाभ उन्हें अब तक नहीं मिल सका, जबकि सुविधा शुल्क के नाम पर उनसे पैसे वसूले जा चुके हैं।

Shravasti News

उन्होंने दोषी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और शीघ्र घरौनी उपलब्ध कराने की मांग की।

प्रदर्शन का नेतृत्व सामाजिक संस्था सद्भावना के अध्यक्ष योगेंद्र मणि त्रिपाठी ने किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जब तक उन्हें घरौनी का लाभ नहीं मिलता और दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती, उनका आंदोलन जारी रहेगा।

रिपोर्ट: इसरार अहमद

Also Read: योगी कैबिनेट में हुए 30 बड़े फैसले: अब बिना खतौनी जांचे नहीं होगी रजिस्ट्री, कर्मचारियों के लिए बदले नियम

Get real time updates directly on you device, subscribe now.