श्रावस्ती में दंपति हत्याकांड का खुलासा, संपत्ति विवाद में बेटे और वकील समेत 4 गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: श्रावस्ती पुलिस ने थाना इकौना क्षेत्र में 22/23 नवंबर की रात हुए रोशन खां और उनकी पत्नी वसीला की सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का सफल अनावरण कर लिया है। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए, इकौना पुलिस टीम ने इस मामले में 4 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें मृतक की पहली पत्नी के दो बेटे और दूसरी पत्नी का बेटा शामिल हैं।

हत्या का मुख्य कारण: करोड़ों की संपत्ति का विवाद

पुलिस के अनुसार, इस वीभत्स हत्याकांड के पीछे संपत्ति विवाद मुख्य कारण है। मृतक रोशन खां के नाम कस्बा इकौना में कीमती जगह पर तीन दुकानें थीं। आरोपी प्रभाकर त्रिपाठी उर्फ रिंकू त्रिपाठी (वकील) ने मृतक की दूसरी पत्नी वसीला को अपने पक्ष में करके धोखे से रोशन खां से दुकानों का दान पत्र वसीला के नाम करा लिया। इसके तुरंत बाद वसीला से भी फर्जी बैनामा अपने नाम करा लिया।

बाद में वसीला को धोखा महसूस हुआ। उन्होंने फर्जी बैनामे को रद्द कराने के लिए दीवानी न्यायालय श्रावस्ती में वाद दायर किया था, जो न्यायालय में विचाराधीन था। वसीला रिंकू त्रिपाठी के विरुद्ध धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराने के लिए भी अधिकारियों के पास गई थीं।

मुकदमे में फंसने से बचने के लिए प्रभाकर त्रिपाठी उर्फ रिंकू त्रिपाठी ने मृतक रोशन खां की पहली पत्नी के दो बेटों (नसीब खां और हसीब खान उर्फ गुड्डू) और मृतका वसीला के पहले पति के बेटे (मुसीब खाँ) को संपत्ति का लालच देकर हत्या की साजिश में शामिल कर लिया।

हत्या का तरीका और गिरफ्तारी

पुलिस द्वारा की गई कड़ाई से पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि प्रभाकर त्रिपाठी के बहकावे में आकर उन्होंने 22/23.11.2025 की रात्रि को सोते समय दंपति की बांस के डंडे और गला दबाकर हत्या कर दी।

गिरफ्तार अभियुक्त

  • नसीब खां (मृतक रोशन खां की पहली पत्नी का पुत्र)
  • हसीब खान उर्फ गुड्डू (मृतक रोशन खां की पहली पत्नी का पुत्र)
  • मुसीब खां (मृतका वसीला के पहले पति का पुत्र)
  • प्रभाकर त्रिपाठी उर्फ रिंकू त्रिपाठी (वकील/साजिशकर्ता)

पुलिस ने आरोपियों को खांवापोखर मोड़ के पास से गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त बांस का डंडा बरामद कर लिया है। सभी के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्ट: माता प्रसाद वर्मा

 

Also Read: Ghaziabad News: सीएम योगी ने जैन मंदिर का किया उद्घाटन, एक और स्थान का नाम बदलने का किया ऐलान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.