Shravasti News: जिलाधिकारी का बेसिक शिक्षा कार्यालय में औचक निरीक्षण, BSA समेत कई कर्मचारी मिले अनुपस्थित

अनुपस्थित कर्मियों का एक दिन का वेतन काटने और अग्रिम आदेश तक वेतन बाधित करने के निर्देश

Sandesh Wahak Digital Desk: जिलाधिकारी अश्विनी कुमार पाण्डेय ने सोमवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) कार्यालय श्रावस्ती का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की उपस्थिति पंजिका, अभिलेखों के रख-रखाव और परिसर की साफ-सफाई का जायजा लिया। इस दौरान कार्यालय में गंदगी और अव्यवस्थित सामान पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई।

उपस्थिति पंजिका के निरीक्षण में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अजय कुमार गुप्ता सहित कई अधिकारी और कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए।

इनमें जिला समन्वयक गजेन्द्र तिवारी, प्रणव त्रिपाठी, नीलम कुमारी, कौशलेन्द्र शुक्ला, प्रतीश श्रीवास्तव, रमेश कुमार त्रिपाठी, वरिष्ठ सहायक विश्राम वर्मा व राकेश कुमार तिवारी, कनिष्ठ सहायक अनिरूद्ध कुमार शुक्ला और कम्प्यूटर ऑपरेटर रागिनी शर्मा शामिल हैं।

इस पर जिलाधिकारी ने सभी अनुपस्थित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने, अग्रिम आदेशों तक वेतन बाधित करने और कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

कार्यालय समय के पालन के सख्त निर्देश

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्यालय समय का कड़ाई से पालन करने के निर्देश देते हुए कहा कि शासकीय कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अभिलेखों और योजनाओं की समीक्षा

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यालय में रखे अभिलेखों, विद्यालयों से प्राप्त प्रगति रिपोर्ट, नामांकन, मिड-डे मील, बेसिक साक्षरता और शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं से संबंधित फाइलों का भी अवलोकन किया।

उन्होंने निर्देश दिया कि सभी अभिलेख अद्यतन और सुव्यवस्थित रूप से सुरक्षित रखे जाएं तथा नियमित रूप से विद्यालयों का स्थलीय निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति से अवगत कराया जाए।

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर

जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप जिले में गुणवत्तापूर्ण प्राथमिक शिक्षा सुनिश्चित करना सभी की साझा जिम्मेदारी है।

उन्होंने पठन-पाठन की गुणवत्ता बढ़ाने, नामांकन और उपस्थिति में सुधार लाने, ड्रॉपआउट कम करने तथा बच्चों की शैक्षिक गुणवत्ता बेहतर करने के लिए ठोस कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा।

साथ ही, किसी भी शिकायत की स्थिति में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कार्यालय के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

रिपोर्ट- माता प्रसाद

Also Read: आजम खान के परिवार में मौत से छाया मातम, बेटे समेत जेल से आएंगे बाहर?

Get real time updates directly on you device, subscribe now.