Shravasti News: खाद वितरण में धांधली पर भड़के किसान, नेशनल हाईवे किया जाम
Sandesh Wahak Digital Desk: श्रावस्ती जिले में खाद की कमी और उसके वितरण में गड़बड़ी को लेकर किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। सोमवार को हजारों किसानों ने कटरा बाईपास चौराहे पर नेशनल हाईवे-730 पर जाम लगाकर जोरदार प्रदर्शन किया।
लाइन में लगे किसान, खाद लेकर भाग गए कर्मचारी
यह पूरा मामला तब शुरू हुआ जब किसानों को पता चला कि कल्यानपुर कटरा की सहकारी समिति में खाद आई है। हजारों किसान सुबह से ही लाइन में लग गए, लेकिन तभी उन्हें पता चला कि समिति के डायरेक्टर देवमणि त्रिपाठी अपने चहेतों को बिना लाइन के खाद दे रहे हैं। इसे देखकर लाइन में लगे किसान भड़क गए और हंगामा शुरू कर दिया। हालात बिगड़ते देख, समिति के कर्मचारी ताला लगाकर भाग गए।
पुलिस की धमकी से और भड़के किसान
गुस्साए किसानों ने प्रदर्शन करते हुए हाईवे पर जाम लगा दिया। किसानों के समर्थन में श्रावस्ती संघर्ष समिति के लोग भी शामिल हुए, जिन्होंने प्रदर्शनकारियों को पानी पिलाया।
सूचना पर मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी शंभू सिंह ने किसानों को मुकदमा दर्ज करने की धमकी दी। इस धमकी से किसान और ज्यादा भड़क गए और उन्होंने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। स्थिति को बेकाबू होते देख, प्रभारी निरीक्षक ने उच्च अधिकारियों को सूचना दी।
इसके बाद, क्षेत्राधिकारी, उप जिलाधिकारी और स्थानीय विधायक मौके पर पहुंचे और किसानों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इस दौरान नेशनल हाईवे-730 समेत कई सड़कें घंटों तक जाम रहीं, जिससे दो एंबुलेंस भी फंस गईं, जिन्हें बड़ी मुश्किल से निकाला जा सका।
Also Read: Barabanki News: लापरवाही पर सख्त हुए जिलाधिकारी, बिना सूचना गैरहाजिर अधिकारी का रोका वेतन

