श्रावस्ती: युवक का अपहरण कर पीट-पीटकर हत्या का आरोप, 5 आरोपी पुलिस हिरासत में

श्रावस्ती। जिले के नवीन मॉडर्न थाना क्षेत्र के बेलहा राघव गांव में बीती रात एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सोमवार देर रात गन्ने के खेत के मेड़ पर राजकुमार पुत्र निरहा दूबे (निवासी बेलहा राघव) का शव मिला। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी, अपर पुलिस अधीक्षक मुकेश चंद उत्तम, और क्षेत्राधिकारी भरत पासवान फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुँचे और निरीक्षण के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

6 लोगों पर अपहरण और हत्या का मुकदमा दर्ज

मृतक के पिता निरहा दूबे की तहरीर पर पुलिस ने छह नामजद आरोपियों फूलचंद, रामनिवास, राम केवल, मेवा लाल, सत्यम, और विकास चंद्र के ख़िलाफ़ अपहरण कर हत्या करने का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि नामजद छह आरोपियों में से पांच को पुलिस ने रात में ही हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। मुख्य आरोपी फूलचंद अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें लगाई गई हैं।

चोरी के आरोप और पुराने विवाद की आशंका

पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुरुआती जांच में यह बात सामने आ रही है कि चोरी के आरोप में राजकुमार की पीट-पीटकर हत्या की गई है। चर्चा है कि मुख्य आरोपी के साथ कुछ दिन पहले भी राजकुमार का विवाद हुआ था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, मृतक राजकुमार पर चोरी सहित कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल, पुलिस ने गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखी है और हत्या की मुख्य वजह क्या है, यह विस्तृत पुलिस जाँच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

रिपोर्ट: माता प्रसाद वर्मा

 

Also Read: Sitapur News: हरगांव में ‘मिशन शक्ति’ कार्यक्रम आयोजित, महिलाओं को आत्मरक्षा के प्रति किया गया जागरूक

Get real time updates directly on you device, subscribe now.