श्रावस्ती: स्वदेशी मेले के समापन पर ₹2.25 करोड़ के ऋण बांटे गए, DM बोले- युवा बनें आत्मनिर्भरता
श्रावस्ती: जिले के भिनगा स्थित जूनियर हाईस्कूल में चल रहे दस दिवसीय स्वदेशी मेले का शनिवार को समापन हो गया। समापन समारोह के अवसर पर इंडियन बैंक द्वारा मुख्यमंत्री उद्यमी विकास अभियान के तहत एक विशेष ऋण वितरण शिविर आयोजित किया गया, जिसमें ₹2 करोड़ 25 लाख के ऋण 51 लाभार्थियों को वितरित किए गए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिलाधिकारी (DM) अजय कुमार द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक (SP) राहुल भाटी ने लाभार्थियों को चेक सौंपे और उन्हें आत्मनिर्भर बनने की बधाई दी।
आत्मनिर्भरता और रोजगार सृजन पर जोर
जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार का मुख्य लक्ष्य युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने जोर दिया कि उद्यमिता को बढ़ावा देकर न केवल आर्थिक विकास को गति मिलेगी, बल्कि समाज में सशक्तिकरण की भावना भी विकसित होगी।
डीएम ने ऋण प्राप्त करने वाले लाभार्थियों से आग्रह किया कि वे इस अवसर का उपयोग रोजगार सृजन और अपनी व्यक्तिगत प्रगति के लिए करें। उन्होंने यह भी बताया कि दीपावली के त्योहार को देखते हुए, मेला समाप्त होने के बाद भी सभी स्टॉल लगे रहेंगे ताकि स्थानीय लोग खरीददारी कर सकें।
इंडियन बैंक की सक्रिय भागीदारी
इंडियन बैंक के जोनल मैनेजर के.सी. साहू ने इस अवसर पर कहा कि श्रावस्ती जनपद के आर्थिक विकास में इंडियन बैंक सक्रिय भागीदारी निभाता रहेगा। उन्होंने बताया कि बैंक द्वारा लघु उद्योगों, स्व-रोजगार और महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। बैंक का लक्ष्य अधिक से अधिक युवाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना है।
इस कार्यक्रम में उप जोनल मैनेजर चक्रपाणि द्विवेदी, अग्रणी जिला प्रबंधक जुगल किशोर, परियोजना निदेशक अश्वनी कुमार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अजय कुमार यादव सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: माता प्रसाद वर्मा

