Shravasti News: विश्व पर्यावरण दिवस पर हरियाली का संदेश, पुलिस लाइन से लेकर कॉलेज तक हुआ वृक्षारोपण
Sandesh Wahak Digital Desk: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद श्रावस्ती में विभिन्न विभागों और शैक्षणिक संस्थानों की ओर से व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस दौरान पर्यावरण संरक्षण को लेकर जनजागरूकता का संदेश दिया गया और अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया गया।
पुलिस लाइन प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम के तहत पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने वृक्षारोपण किया। उन्होंने विश्व पर्यावरण दिवस 2026 की थीम जलवायु कार्रवाई के अंतर्गत जनपदवासियों से अधिकाधिक वृक्ष लगाने और प्लास्टिक के उपयोग से बचने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि वृक्ष न केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में सहायक हैं, बल्कि भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण का मजबूत आधार भी हैं।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रकेश सिंह, क्षेत्राधिकारी भिनगा भरत पासवान, क्षेत्राधिकारी इकौना आलोक कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी कार्यालय सतीश कुमार शर्मा, प्रतिसार निरीक्षक अखिलेश कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने भी पौधारोपण किया।
वहीं, विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सशस्त्र सीमा बल की 62वीं वाहिनी द्वारा वाहिनी मुख्यालय पर वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यवाहक कमांडेंट ललेंद्र रत्नाकर के नेतृत्व में अधिकारियों और जवानों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए। इस दौरान सभी कार्मिकों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई और लगाए गए पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया गया।

इसी क्रम में महामाया राजकीय महाविद्यालय में प्राचार्य एवं नोडल उच्च शिक्षा श्रावस्ती डॉ. धर्मेन्द्र गुप्त के नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण जागरूकता रैली निकाली गई।
रैली के माध्यम से जल, जंगल और जमीन के संरक्षण का संदेश दिया गया। प्राचार्य ने कहा कि बदलते वैश्विक पर्यावरण परिदृश्य में प्राकृतिक संतुलन बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है और यह सामूहिक प्रयासों से ही संभव है।
जनपद में आयोजित ये सभी कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनभागीदारी को मजबूत करने और आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित भविष्य का संदेश देने में सफल रहे।

