Shravasti News: आकांक्षा समिति की पहल, सीमावर्ती गांव में महिलाओं और बुजुर्गों को मिली मदद

Shravasti News: भारत-नेपाल सीमा पर बसे थारू समुदाय के गांव कटकुईंया कलां में शनिवार को आकांक्षा समिति की टीम पहुंची। टीम ने गांव वालों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं और जरूरतमंद लोगों को रेड क्रॉस के माध्यम से जरूरी सामान बांटा।

आकांक्षा समिति समाज में शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला विकास के लिए काम करती है। समिति की मंडलाध्यक्ष गरिमा भूषण और अध्यक्ष नीलू शर्मा ने गाँव का दौरा किया और खासतौर पर महिलाओं से बात की। महिलाओं ने अपनी दिक्कतें बताईं, जिनमें वृद्धा पेंशन, शौचालय और सड़क जैसी समस्याएँ शामिल थीं।

गरिमा भूषण ने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं को जल्द से जल्द हल करने की कोशिश की जाएगी और सरकार की सभी विकास योजनाओं को गाँव में लागू कराया जाएगा। समिति की अध्यक्ष नीलू शर्मा ने कहा कि वे गांव के लोगों की शिक्षा और स्वास्थ्य के लिए काम करेंगी और जल्द ही यहां नेत्र और स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे।

इस दौरान, रेड क्रॉस सोसायटी की मदद से महिलाओं को 21 डिग्निटी किट, बुजुर्गों को 11 व्हीलचेयर और कमोड चेयर, 21 छड़ियां, और 51 महिलाओं को कमर बेल्ट व नी कैप बांटी गईं। इसके अलावा, आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं को पल्स ऑक्सीमीटर भी दिए गए।

इस मौके पर जिला विकास अधिकारी रामसमुझ, तहसीलदार जागृति सिंह, नगर पालिका अधिकारी डॉ. अनीता शुक्ला और गाँव के प्रधान राजेंद्र कुमार समेत कई ग्रामीण मौजूद थे।

Also Read: कुशीनगर में हॉस्टल में रह रहे छात्र की गला दबाकर हत्या, पूर्व-वर्तमान प्रधानाचार्य सहित चार पर केस

Get real time updates directly on you device, subscribe now.