Shravasti News: कजरी तीज मेला पर प्रशासन की सख्ती, अराजकतत्वों पर खुफिया पुलिस की नजर
Sandesh Wahak Digital Desk: श्रावस्ती के मशहूर विभूतिनाथ मंदिर में होने वाले कजरी तीज मेले और कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को एक अहम बैठक हुई। जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक घनश्याम चौरसिया की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि वे मेले से पहले सभी व्यवस्थाएँ पूरी कर लें।
तैयारी में ढील बर्दाश्त नहीं
जिलाधिकारी ने साफ-साफ कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर तैयारियों में किसी भी तरह की लापरवाही हुई, तो जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने प्रशासन और मेला प्रबंधन कमेटी को आपसी तालमेल के साथ काम करने और मेले को शांतिपूर्ण तरीके से पूरा करने की अपील की।
अराजकतत्वों पर कड़ी निगरानी
पुलिस अधीक्षक घनश्याम चौरसिया ने बताया कि मेले की सुरक्षा के लिए खास इंतजाम किए गए हैं। पूरे मेला क्षेत्र में बड़ी संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा, मेले में खुफिया पुलिस भी सादे कपड़ों में तैनात रहेगी, जो हर तरह के अराजकतत्वों पर कड़ी नजर रखेगी। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करेगा, उसे तुरंत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।
रिपोर्ट: माता प्रसाद वर्मा
Also Read: Shravasti News: पुलिस की नाक के नीचे चोरों का आतंक, एक ही रात चार दुकानों से लाखों की चोरी

