Shravasti News: सीएमओ ने किया मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का निरीक्षण, दो लोगों का वेतन कटा
Sandesh Wahak Digital Desk: श्रावस्ती जिले में शासन के निर्देशानुसार जिले में आयोजित ‘मुख्यमंत्री आरोग्य मेले’ का मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कुमार सिंह ने रविवार, 17 अगस्त, 2025 को औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई केंद्रों पर खामियां पाई गईं, जिस पर सीएमओ ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
सबसे पहले सीएमओ ने दोपहर 12:20 बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) कटरा का निरीक्षण किया। यहाँ प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अदिति पटवा और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी उत्तम कुमार अनुपस्थित पाए गए, जबकि अन्य समस्त स्टाफ मौजूद था। सीएमओ ने तत्काल प्रभाव से अनुपस्थित डॉक्टर और कर्मचारी का एक दिन का मानदेय काटने का आदेश सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) इकौना के अधीक्षक को दिया। निरीक्षण के समय तक पीएचसी पर 23 मरीजों का इलाज हुआ था और 03 पैथोलॉजी जांच की गई थी।
इसके बाद डॉ. सिंह ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तिलकपुर का भी औचक निरीक्षण किया, जहां प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. इंद्रपाल सहित समस्त स्टाफ उपस्थित पाया गया। हालांकि, यहां ओपीडी पंजिका में रिकॉर्ड को अव्यवस्थित ढंग से दर्ज किया गया था, जिस पर सीएमओ ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए सख्त निर्देश जारी किए। उन्होंने दोनों ही केंद्रों पर साफ-सफाई की व्यवस्था को नियमित रूप से बनाए रखने का निर्देश भी दिया।
रिपोर्ट: माता प्रसाद वर्मा
Also Read: Lucknow News: ‘एक हाथ तिरंगा, एक हाथ रक्तदान’ की पहल, KGMU में 75 लोगों ने किया रक्तदान

