Shravasti News: डकैती के बाद बुजुर्ग की बेरहमी से हत्या, बेटे की हालत गंभीर
Sandesh Wahak Digital Desk: श्रावस्ती जनपद में सोमवार तड़के एक सनसनीखेज वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी। मामला डकैती से शुरू हुआ और हत्या पर जाकर खत्म हुआ।
पुलिस के मुताबिक, हरदत्त नगर गिरन्ट थाना क्षेत्र के भजोरे पुरवा गांव में गांव के बाहर बने एक मकान पर देर रात चार अज्ञात बदमाशों ने धावा बोला। आरोप है कि बदमाशों ने घर से जेवरात और नकदी लूट ली।
विरोध करने पर गृहस्वामी नेमराज पाठक पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला किया गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान पिता को बचाने पहुंचे उनके मंदबुद्धि बेटे सुनील पाठक पर भी हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
बहू के बयान पर उठे सवाल
घटना के समय घर के दूसरे कमरे में सो रही बहू लक्ष्मी पाठक को वारदात की भनक नहीं लगी। बदमाशों के फरार होने के बाद जब वह बाहर आईं तो ससुर का शव और पति को घायल हालत में देख चीख-पुकार मच गई।
ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। लक्ष्मी पाठक का कहना है कि वह डर के मारे बेड के नीचे छिप गई थीं—हालांकि यह बयान गांव वालों और पुलिस दोनों को संदिग्ध लग रहा है।
जांच के लिए दो टीमें गठित
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। एसपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला डकैती के दौरान हत्या का प्रतीत होता है। खुलासे के लिए दो विशेष टीमों का गठन किया गया है और सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।
डकैती या कोई और एंगल?
इधर, गांव में दबी जुबान से चर्चा है कि यह वारदात केवल डकैती नहीं, बल्कि किसी अन्य कारण से भी जुड़ी हो सकती है।
कुछ लोग पारिवारिक या प्रेम प्रसंग से जुड़े एंगल की बात कर रहे हैं, हालांकि पुलिस ने इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
फिलहाल पुलिस सबूत जुटाने, संदिग्धों की तलाश और घायलों के बयान के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। मामले का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही संभव हो पाएगा।

