Shravasti News : गायब किसान नेत्री का 14वें दिन जंगल में मिला अधजला शव, आरोपी प्रेमी गिरफ्तार
Shravasti News : श्रावस्ती जिले के मल्हीपुर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। 14 दिन से लापता चल रहीं भारतीय किसान यूनियन की महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष आंचल मिश्रा का अधजला और क्षत-विक्षत शव ककरदरी रेंज के घने जंगल में बरामद किया गया। पुलिस ने इस मामले में सूरज वर्मा नाम के युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

संगठन की सक्रिय पदाधिकारी थीं आंचल
मल्हीपुर थाना क्षेत्र के फत्तेपुर बनगई ग्राम पंचायत के बांसगढ़ी मजरा की रहने वाली आंचल मिश्रा किसान यूनियन में महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष थीं। वह किसानों के मुद्दों को लेकर मुखर रहती थीं।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान उनकी पहचान भवानियापुर जमुनहा निवासी सूरज वर्मा से हुई। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम संबंध की चर्चा भी होने लगी।
17 फरवरी को आंचल किसी कार्यक्रम में शामिल होने घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने तलाश के बाद 19 फरवरी को थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।
कॉल डिटेल से गहराया शक
जांच के दौरान पुलिस ने आंचल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) खंगाली। इसमें सूरज वर्मा से कई बार लंबी बातचीत सामने आई। शक गहराने पर पुलिस ने सूरज से पूछताछ की, लेकिन वह बार-बार गुमराह करता रहा।
आखिरकार हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई, जिसमें वह टूट गया और हत्या की बात कबूल कर ली।

जंगल से बरामद हुआ कंकाल
सूरज की निशानदेही पर पुलिस ने एसएसबी की मदद से ककरदरी रेंज के जंगल में तलाशी अभियान चलाया। वहां से खोपड़ी, जबड़ा, रीढ़ की हड्डी, बाल और एक हाथ की पसली सहित अधजले अवशेष बरामद किए गए।
पास में पड़ी साड़ी, पर्स, चप्पल और जूता-मोजा को मृतका के पति संतोष कुमार मिश्रा ने पहचान लिया। पुलिस ने सभी अवशेषों को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है।
हत्या के बाद शव जलाने की आशंका
घटनास्थल की स्थिति को देखकर आशंका जताई जा रही है कि पहले हत्या की गई, फिर शव को टुकड़ों में काटकर जलाने की कोशिश की गई, ताकि पहचान मिटाई जा सके।
पैसों को लेकर विवाद की चर्चा
सूत्रों के मुताबिक, दोनों के बीच पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। यह भी चर्चा है कि सूरज ने अपनी कुछ जमीन बेचकर आंचल को पैसे दिए थे। हालांकि पुलिस आधिकारिक रूप से जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की पुष्टि करेगी।
आरोपी जेल भेजा गया
पुलिस क्षेत्राधिकारी भिनगा सतीश कुमार शर्मा ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार की है। उसकी निशानदेही पर शव बरामद कर लिया गया है और उसे जेल भेज दिया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
रिपोर्ट: माता प्रसाद वर्मा/इसरार अहमद

