Shravasti News: पुलिस की नाक के नीचे चोरों का आतंक, एक ही रात चार दुकानों से लाखों की चोरी
Sandesh Wahak Digital Desk: श्रावस्ती जिले के हरदत्त नगर गिरंट थाना क्षेत्र में चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार की रात बेखौफ चोरों ने एक साथ चार दुकानों में सेंधमारी करके लाखों रुपये के सामान और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। हैरान करने वाली बात यह है कि यह घटना उस चौराहे पर हुई जहाँ 24 घंटे पुलिस की मौजूदगी रहती है।
कैसे हुई वारदात?
यह घटना मिर्जापुर चौराहे की है। चोरों ने दुकानों के पीछे की दीवार काटकर चोरी को अंजाम दिया, लेकिन किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी।
राम अचल के जनरल स्टोर से ₹5,000 का सामान चोरी हुआ।
लालजी की दुकान से भी कुछ सामान गायब हुआ।
प्रधान किराना स्टोर से ₹80,000 नकद उड़ाए गए, जो थोक व्यापारी को देने के लिए रखे थे।
ननकऊ की रेडीमेड कपड़ों की दुकान से ₹2 लाख के महंगे सूट और अन्य कपड़े चोरी हो गए।
पुलिस की कार्यशैली पर सवाल
स्थानीय लोगों और व्यापारियों का कहना है कि पुलिस की लापरवाही से चोरों के हौसले बुलंद हैं। पीड़ित ननकऊ ने बताया कि मई महीने में भी उनकी दुकान में बड़ी चोरी हुई थी, लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, जिससे चोरों ने फिर से इस बड़ी घटना को अंजाम दे डाला।
इस मामले पर थाना प्रभारी महिमा नाथ उपाध्याय ने कहा कि मौके का मुआयना कर लिया गया है और चोरों की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही चोरों को सीसीटीवी फुटेज की मदद से गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Also Read: लखनऊ नगर निगम को मिला नया उपाध्यक्ष, BJP पार्षद चरणजीत गांधी को मिली जिम्मेदारी

