Shravasti News: धर्मांतरण गैंग का सरगना छांगुर पर कसा शिकंजा, भतीजे के ठिकाने पर चला बुलडोज़र

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के अवैध धर्मांतरण नेटवर्क का बड़ा नाम बन चुके छांगुर उर्फ जमालुद्दीन पर अब प्रशासन लगातार शिकंजा कस रहा है। श्रावस्ती जिले में शनिवार को छांगुर के भतीजे सबरोज के अवैध ठिकाने पर बुलडोज़र चलाया गया। यह निर्माण गैडास बुजुर्ग थाना क्षेत्र के रेहरा माफी गांव में सरकारी ज़मीन पर किया गया था। अधिकारियों की मौजूदगी में कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से पूरी की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।

छांगुर पर ईडी और प्रशासन दोनों की निगाहें

प्रशासनिक कार्रवाई के साथ-साथ प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी छांगुर और उसके करीबियों की आर्थिक गतिविधियों की गहन जांच कर रहा है। बताया जा रहा है कि छांगुर के नेटवर्क का फैलाव सिर्फ देश तक सीमित नहीं था, बल्कि दुबई, सऊदी अरब और तुर्की जैसे देशों तक इसकी पहुंच थी। जांच एजेंसियों को संदेह है कि छांगुर का संपर्क कुछ संदिग्ध और प्रतिबंधित विदेशी संस्थाओं से भी रहा है, जो भारत में अशांति फैलाने के मकसद से काम कर रही हैं।

3 हजार से ज्यादा लोगों को फंसाया था जाल में

अब तक की जांच में सामने आया है कि छांगुर के गिरोह में 3,000 से अधिक लोग शामिल थे, जिन्हें उसने अवैध धर्मांतरण और अन्य राष्ट्रविरोधी गतिविधियों के लिए इस्तेमाल किया। कई जिलों से उसके खिलाफ शिकायतें सामने आई हैं, जिनमें पीड़ितों ने खुलकर उसके धोखाधड़ी और मानसिक उत्पीड़न की बात बताई है।

कार्रवाई से लोगों में भरोसा, अब और राज आ रहे सामने

प्रशासनिक सख्ती और ईडी की पूछताछ के बाद अब छांगुर के कई राज सामने आ चुके हैं, और कई अब भी जांच के दायरे में हैं। स्थानीय लोगों में इस कार्रवाई के बाद भरोसा और हौसला बढ़ा है। पीड़ित लोग खुलकर बोलने लगे हैं, जिससे छांगुर और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य चेहरों की पहचान हो रही है।

 

Also Read: यूपी बीजेपी को जल्द मिलेगा नया अध्यक्ष, दिल्ली भेजी गई 6 नामों की लिस्ट, जातीय संतुलन पर खास फोकस

Get real time updates directly on you device, subscribe now.