Shravasti News: ट्रैक्टर-मिक्सर ने बाइक को मारी टक्कर, 5 की दर्दनाक मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। बदला चौराहा से शंकरपुर मार्ग पर एक ट्रैक्टर-मिक्सर ने एक बाइक को टक्कर मार दी, जिससे एक ही परिवार के पाँच लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में पति-पत्नी और दो बच्चों सहित पाँच लोगों ने अपनी जान गंवा दी, जबकि एक महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।

क्या है पूरा मामला?

यह दर्दनाक घटना हरदत्त नगर गिरंट थाना क्षेत्र के हरबंसपुर के पास हुई। बहराइच के मंगलपुरवा के रहने वाले विजय कुमार वर्मा (32) अपनी पत्नी सुनीता देवी (28) और परिवार के अन्य सदस्यों मंगलवती (40), नीतू (30), ज्ञानवती (9) और एक साल की बच्ची के साथ बाइक पर सवार होकर मधनगरा जा रहे थे।

हरबंशपुर पुलिस चौकी के पास ट्रैक्टर-मिक्सर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में विजय, मंगलवती, नीतू और ज्ञानवती की मौके पर ही मौत हो गई। सुनीता और एक साल की बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान बच्ची ने भी दम तोड़ दिया।

चालक फरार, पुलिस कर रही तलाश

हादसे की खबर सुनते ही मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया। वे रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक घनश्याम चौरसिया ने अस्पताल पहुंचकर घायल महिला का हाल जाना। वहीं, एएसपी मुकेश चंद्र उत्तम और सीओ सतीश शर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने ट्रैक्टर-मिक्सर को कब्जे में ले लिया है, लेकिन उसका चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

 

Also Read: Lucknow News: बारिश के बीच शिक्षकों का प्रदर्शन, बोले- ऑफलाइन ट्रांसफर लिस्ट जारी करो…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.