श्रावस्ती पुलिस बनी ‘देवदूत’: प्रेमिका की बेवफाई से आहत प्रेमी लगाने जा रहा था फांसी, टीम ने ऐसे बचाई जान

Sandesh Wahak Digital Desk: श्रावस्ती जिले के भिनगा कोतवाली क्षेत्र से एक भावुक कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक युवक अपनी प्रेमिका की बेरुखी और किसी और से रिश्ता तय हो जाने के गम में खुदकुशी करने वाला था। लेकिन पुलिस की सतर्कता ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजड़ने से बचा लिया।

प्यार, तकरार और फिर मिला धोखा

विशुनपुर रामनगर के रहने वाले इस युवक को क्षेत्र की ही एक युवती से बेपनाह मोहब्बत थी। दोनों घंटों बातें करते और साथ जीने-मरने की कसमें खाते थे। युवक अपनी प्रेमिका पर सब कुछ न्योछावर करने को तैयार था। लेकिन पिछले साल नवंबर से कहानी में मोड़ आया। प्रेमिका ने अचानक बात करना बंद कर दिया और नए साल पर भी उसका फोन नहीं उठाया। जब युवक ने छानबीन की, तो पता चला कि वह किसी और से शादी करने जा रही है।

सोशल मीडिया पर सुसाइड पोस्ट देख मचा हड़कंप

दिल टूटने के बाद युवक ने सोमवार तड़के सोशल मीडिया पर एक दर्द भरा पोस्ट साझा किया, जिसमें उसने आत्महत्या का संकेत दिया। वह अपनी प्रेमिका के ही एक पुराने दुपट्टे का फंदा बनाकर झूलने की तैयारी कर रहा था। संयोग से, जिले के मीडिया सेल प्रभारी शशि शेखर जरोरा की नजर उस पोस्ट पर पड़ गई।

एसपी का सख्त निर्देश और 20 मिनट का ‘रेस्क्यू’

मामले की गंभीरता देखते हुए एसपी राहुल भाटी ने तुरंत भिनगा कोतवाली प्रभारी योगेश कुमार सिंह और मीडिया सेल की संयुक्त टीम को युवक को खोजने के निर्देश दिए। डिजिटल ट्रैकिंग और स्थानीय सूचना के आधार पर पुलिस की टीम महज 20 मिनट के भीतर युवक के घर जा पहुंची। पुलिस ने जैसे ही कमरे का दरवाजा खोला, युवक फंदे की तैयारी कर चुका था। टीम ने फौरन उसे दबोच लिया और सुरक्षित बचा लिया।

काउंसलिंग के बाद परिजनों को सौंपा

पुलिस ने जब युवक से बात की, तो उसने फूट-फूटकर अपना दर्द बयां किया। पुलिस अधिकारियों ने उसे समझाया कि जीवन बहुत कीमती है और किसी एक व्यक्ति के जाने से जिंदगी खत्म नहीं होती। युवक की उचित काउंसलिंग की गई और फिर उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। परिजनों ने पुलिस की इस तत्परता के लिए हाथ जोड़कर आभार जताया है।

Also Read: KGMU की छात्रा से दरिंदगी मामला: पुलिस ने आरोपी डॉक्टर के माता-पिता को किया गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.