श्रावस्ती: अवैध नशीली दवाओं के साथ दो अभियुक्त गिरफ्तार, 864 कैप्सूल और इंजेक्शन बरामद

Sandesh Wahak Digital Desk: जनपद श्रावस्ती में अपराध एवं अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत, थाना नवीन मॉडर्न पुलिस और औषधि निरीक्षक की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने नशीली दवाओं की अवैध बिक्री करने वाले दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है और भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाएं बरामद की हैं। ये गिरफ्तारी वीरपुर चौराहा स्थित चौधरी मेडिकल हॉल के पीछे एक शटर वाली दुकान में की गई।

गिरफ्तार अभियुक्त

  • मो. अतीकुर्रहमान (निवासी विशुनापुर, इकौना)
  • मो. नदीम (निवासी नरपतपुर, श्रावस्ती)

तलाशी के दौरान दुकान से 864 ट्राइस्पैस कैप्सूल और 10 एम्पुल (इंजेक्शन ट्रामास्यौर-100) बरामद किए गए। औषधि निरीक्षक ने पुष्टि की कि ये दवाएं अवैध और नशीली हैं, जिनका अवैध रूप से क्रय-विक्रय गंभीर अपराध है।

अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे पिछले दो वर्षों से बिना किसी लाइसेंस या वैध अनुमति के उक्त दुकान से अधिक लाभ कमाने के उद्देश्य से आसपास के क्षेत्रों में गुप्त रूप से प्रतिबंधित नशीली दवाओं की बिक्री कर रहे थे। वे पुलिस से बचने के लिए आधा शटर बंद रखकर ग्राहकों को बुलाते थे। दुकान में मौजूद अन्य समस्त एलोपैथिक दवाएं भी लाइसेंस न होने के कारण औषधि निरीक्षक द्वारा सील कर कब्जे में ले ली गईं।

कानूनी कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 0132/2025 धारा 8/21/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत पंजीकृत कर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Also Read: ‘गाड़ी टकराओ और लूटो’ गिरोह का पर्दाफाश, लखनऊ पुलिस ने 3 शातिर अभियुक्तों को किया गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.