अंतरिक्ष यात्रा से लौटे शुभांशु शुक्ला आज आ रहे हैं लखनऊ, सीएम योगी करेंगे स्वागत

Sandesh Wahak Digital Desk: देश के पहले अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला आज अपने गृहनगर लखनऊ लौट रहे हैं। उनके स्वागत के लिए शहर में अभूतपूर्व उत्साह और गर्व का माहौल है। त्रिवेणीनगर स्थित उनके निवास स्थान पर जश्न का माहौल है, जहां मोहल्ले के लोग, परिजन और स्थानीय प्रशासन उनके स्वागत की तैयारियों में जुटे हैं। चारों ओर “शुभांशु – नेशनल हीरो” के पोस्टर लगे हैं और लखनऊ उनकी उपलब्धि पर गौरव कर रहा है।

शुभांशु को मुख्यमंत्री करेंगे सम्मानित

अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) तक पहुंचने वाले भारत के पहले यात्री शुभांशु शुक्ला को सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया है, जिसमें मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी उपस्थित रहेंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुभांशु को उत्तर प्रदेश ही नहीं, पूरे देश का गौरव बताया है। उन्होंने कहा, “शुभांशु की उपलब्धि साहस, समर्पण और विज्ञान के प्रति संकल्प का प्रतीक है। उनकी सफलता भारत के युवाओं को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने की प्रेरणा देगी।”

घर लौटने पर स्वागत की अनूठी तैयारियाँ

शुभांशु के माता-पिता, शंभूदयाल शुक्ला और आशा देवी, अपने बेटे के स्वागत को लेकर बेहद भावुक और उत्साहित हैं। उन्होंने बताया कि परिवार ने घर को सजाया है और मुख्य दरवाजों पर बंदनवार लगाए हैं। हालांकि सुरक्षा कारणों से शुभांशु को विशेष गेस्ट हाउस में ठहराया जाएगा, संभवतः वह घर नहीं आ सकेंगे।

पिता शंभूदयाल ने कहा, “अब शुभांशु सिर्फ हमारा बेटा नहीं, पूरे देश का बेटा है। उस पर गगनयान जैसी बड़ी जिम्मेदारियाँ हैं।”

लखनऊ प्रशासन भी इस ऐतिहासिक मौके को यादगार बनाने में जुटा है। शुभांशु के घर के सामने की सड़क को नया बना दिया गया है, और पास के पार्क का नाम भी उनके नाम पर रखने की योजना है।

शहर में विजय परेड और स्कूल समारोह की तैयारी

शुभांशु के पूर्व स्कूल, सिटी मॉन्टेसरी स्कूल (CMS) की ओर से भी विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। CMS के छात्र उनके स्वागत में एक भव्य समारोह और विजय परेड का आयोजन करेंगे। यह कार्यक्रम सुबह 8:30 बजे लखनऊ हवाई अड्डे से शुरू होगा, जहां से कार परेड गोमतीनगर विस्तार होते हुए G-20 चौक तक जाएगी।

Shubhanshu Shukla

शुभांशु की ऐतिहासिक उपलब्धि

लखनऊ में जन्मे और भारतीय वायुसेना के अनुभवी पायलट ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला हाल ही में एक्सिओम-4 मिशन के तहत अंतरिक्ष यात्रा पूरी कर लौटे हैं। अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर उन्होंने 60 से अधिक वैज्ञानिक प्रयोग किए और दुनियाभर के छात्रों के साथ संवाद भी किया। भारत लौटने के बाद उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अंतरिक्ष से लाया गया तिरंगा और मिशन पैच भेंट किया, जो पूरे देश के लिए एक भावुक क्षण रहा।

Also Read: बुलंदशहर में बड़ा सड़क हादसा: श्रद्धालुओं से भरी ट्रॉली को कंटेनर ने मारी टक्कर, 8 की मौत, 40 से ज्यादा घायल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.