अंतरिक्ष से लौट रहे शुभांशु शुक्ला, लखनऊ में परिवार सुरक्षित लैंडिंग के लिए कर रहा प्रार्थना

Sandesh Wahak Digital Desk: अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) में अपना ऐतिहासिक एक्सिओम मिशन-4 सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला की पृथ्वी पर वापसी हो रही है। इस खास मौके पर लखनऊ स्थित उनके घर को दीपों और पोस्टरों से सजाया गया है। पूरे परिवार में खुशी और उत्साह का माहौल है, लेकिन साथ ही एक हल्की घबराहट भी है, क्योंकि वे शुभांशु की सुरक्षित लैंडिंग के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।

शुभांशु की वापसी को लेकर उनकी मां आशा शुक्ला ने आईएएनएस से बातचीत में अपने जज़्बात साझा किए। उन्होंने कहा, “आप सभी को हमारे चेहरों पर उत्साह साफ दिख रहा होगा। यह जानकर कि आज मेरा बेटा धरती पर वापस आ रहा है, हम बेहद भावुक भी हैं। हम उनकी सुरक्षित लैंडिंग की प्रार्थना कर रहे हैं, तभी हमें कुछ राहत मिलेगी। हालांकि, हमें अभी भी थोड़ी घबराहट है।

पिता बोले, आज हमारे जीवन का बहुत बड़ा दिन है

ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला के पिता शंभू दयाल शुक्ला भी बेटे की वापसी को लेकर बेहद खुश हैं। उन्होंने कहा, हम बहुत उत्साहित हैं, आज हमारे जीवन का बहुत बड़ा दिन है। मेरा बेटा स्पेस स्टेशन से वापस आ रहा है। हम उसकी सुरक्षित लैंडिंग के लिए भगवान से भी प्रार्थना कर रहे हैं। भगवान की कृपा हमारे बेटे पर है और हम उसकी लैंडिंग को लेकर बहुत ही उत्साहित हैं।

बहन को रात भर नहीं आई नींद, पूजा-अर्चना जारी

शुभांशु शुक्ला की बहन शुचि मिश्रा ने बात करते हुए अपनी उत्सुकता ज़ाहिर की। उन्होंने कहा, सच कहूं तो, मैं कल रात सो नहीं पाई हूं और उनकी लैंडिंग को लेकर बहुत उत्साहित हूं। भाई की पृथ्वी पर वापसी को लेकर परिवार के सभी लोग कल से ही पूजा-अर्चना कर रहे हैं। मुझे उम्मीद है कि जिस तरह उन्होंने बाकी सभी चरणों को पार किया है, वो इस चरण को भी पार करेंगे।

Also Read: यमन में निमिषा प्रिया की फांसी टली, भारत सरकार के प्रयासों से मिली राहत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.