IND vs ENG 3rd Test: शुभमन गिल ने रचा इतिहास, 23 साल बाद तोड़ा राहुल द्रविड़ का ये खास रिकॉर्ड
Sandesh Wahak Digital Desk: लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर खेले जा रहे भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरे टेस्ट मैच में टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल ने भले ही दूसरी पारी में सिर्फ 6 रन बनाए हों, लेकिन उन्होंने एक बड़ा इतिहास रच दिया है।
गिल ने इंग्लैंड की धरती पर टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बनने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है, जो इससे पहले 23 साल से राहुल द्रविड़ के नाम था।
दूसरी पारी में ब्रायडन कार्स की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट होने से पहले शुभमन गिल के इस टेस्ट सीरीज में कुल रन 607 हो गए। इससे पहले ये रिकॉर्ड राहुल द्रविड़ के नाम था, जिन्होंने 2002 में इंग्लैंड दौरे पर 602 रन बनाए थे।

इंग्लैंड में एक टेस्ट सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज:
-
शुभमन गिल (2025) – 607* रन
-
राहुल द्रविड़ (2002) – 602 रन
-
विराट कोहली (2018) – 593 रन
ग्राहम गूच का रिकॉर्ड अब गिल के निशाने पर
गिल अब इस सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बनने की ओर बढ़ रहे हैं। यह रिकॉर्ड इंग्लैंड के ग्राहम गूच के नाम है, जिन्होंने 1990 में भारत के खिलाफ एक टेस्ट सीरीज में 752 रन बनाए थे।
गिल को यह रिकॉर्ड तोड़ने के लिए अगली चार पारियों में 146 रन और बनाने होंगे।
शुभमन गिल ने इस सीरीज से भारत की टेस्ट कप्तानी संभाली है और पहले ही मैच में शतक लगाया।
वहीं, दूसरे टेस्ट में उन्होंने 269 और 161 रनों की पारियां खेलकर कुल 430 रन बनाए, जो किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा एक टेस्ट मैच में सर्वाधिक रन हैं।
तीसरे टेस्ट का रोमांचक मोड़
तीसरे टेस्ट की बात करें तो इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जो रूट के शतक की बदौलत 387 रन बनाए। जवाब में भारत ने भी केएल राहुल के शतक के सहारे 387 रन बनाए। इंग्लैंड की दूसरी पारी 192 रनों पर सिमट गई।
चौथे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने 4 विकेट पर 58 रन बना लिए हैं। अब भारत को जीत के लिए 135 रन और बनाने हैं, जबकि इंग्लैंड को 6 विकेट की जरूरत है। केएल राहुल 33 रन बनाकर नाबाद हैं और भारत की उम्मीदें उन पर टिकी हैं।
पांचवां दिन निर्णायक साबित होने वाला है और शुभमन गिल इस ऐतिहासिक मैच में एक और उपलब्धि की ओर बढ़ सकते हैं।
Also Read: WTC 2025-27: 12 साल में पहली बार टीम से बाहर हुआ ये खिलाड़ी, सामने आई बड़ी वजह

