Siddharth Nagar News: नेपाल की जेल से फरार हुए 8 कैदी भारतीय सीमा पर गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: नेपाल में हिंसा के बाद जेल तोड़कर भागे आठ कैदियों को भारतीय सीमा पर गिरफ्तार कर लिया गया है। ये सभी कैदी नेपाल के कपिलवस्तु जिले में स्थित तौलिहवा जेल से फरार हुए थे और भारत-नेपाल सीमा पर सिद्धार्थनगर जिले की खुनुआ चौकी के पास से अवैध रूप से प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे।
सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और शोहरतगढ़ थाने की पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए इन कैदियों को बुधवार को गिरफ्तार किया। ये कैदी गुप्त पगडंडी के रास्ते भारत में घुसने का प्रयास कर रहे थे।
गिरफ्तार कैदियों का विवरण
8 कैदियों में से कुछ भारतीय नागरिक हैं, जबकि कुछ नेपाली नागरिक। इन पर नेपाल में अलग-अलग आपराधिक मामलों में सजा चल रही थी:
- हीरालाल पत्थरकट (भारतीय, कपिलवस्तु, नेपाल का निवासी): छेड़खानी के आरोप में 3 माह से जेल में था।
- हशमत अली (भारतीय, सिद्धार्थनगर का निवासी): मादक पदार्थ अधिनियम के तहत 3 माह से जेल में था।
- गोरखनाथ यादव (भारतीय, सिद्धार्थनगर का निवासी): एनडीपीएस मामले में जेल में था।
- सोनू चौधरी (भारतीय, कुशीनगर का निवासी): चोरी के आरोप में 3 माह से जेल में था।
- सूरज चौधरी (नेपाली, कपिलवस्तु, नेपाल का निवासी): मादक पदार्थ के आरोप में 19 माह से जेल में था।
- शकील दर्जी (भारतीय, सिद्धार्थनगर का निवासी): ब्राउन शुगर के आरोप में 56 माह से जेल में था।
- सलाहुद्दीन (नेपाली, कपिलवस्तु, नेपाल का निवासी): दुष्कर्म के आरोप में 54 माह से जेल में था।
- धर्मेंद्र शर्मा (नेपाली, कपिलवस्तु, नेपाल का निवासी): बाइक एक्सीडेंट के मामले में जेल में बंद था।
गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को शोहरतगढ़ थाने ले जाया गया है, जहाँ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट: जाकिर खान

