सिद्धार्थ विश्वविद्यालय में NSS के विशेष शिविर का आगाज, प्रो. नीता यादव बोलीं- बेहतर समाज के निर्माण के लिए मजबूत चरित्र जरूरी
Siddharthnagar News: सिद्धार्थ विश्वविद्यालय, कपिलवस्तु के परिसर में संचालित राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की तीन इकाइयों भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाई, महारानी अहिल्या बाई होलकर इकाई और नेताजी सुभाष चन्द्र बोस इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर की शुरुआत शनिवार को हुई। कुलपति प्रो. कविता शाह के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर के पहले दिन बौद्धिक चर्चाओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही।
शिविर के उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता करते हुए अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. नीता यादव ने सरस्वती प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने स्वयंसेवकों को प्रेरित करते हुए कहा, राष्ट्रीय सेवा योजना केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निखारने का माध्यम है। युवाओं को अपने बेहतर चरित्र निर्माण के साथ-साथ एक सभ्य समाज बनाने की जिम्मेदारी भी उठानी चाहिए। शिविर के पहले दिन दो महत्वपूर्ण बौद्धिक सत्र आयोजित किए गए।
प्रथम सत्र: भौतिक विज्ञान विभाग की डॉ. मनीषा वाजपेयी ने “सभ्य समाज के निर्माण में NSS की भूमिका” पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि मानव जीवन आदर्शों और मूल्यों से ही सुंदर बनता है। NSS से जुड़ा हर युवा अपनी सक्रियता से मानवता को जीवित रखने का काम करता है।
द्वितीय सत्र: डॉ. हरेंद्र कुमार शर्मा ने “मानव मूल्य निर्माण में NSS का योगदान” विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने बताया कि कैसे यह योजना छात्रों के भीतर सेवा भाव और नैतिक मूल्यों को विकसित करती है।

सांस्कृतिक संध्या ने बांधा समां
दिन भर की बौद्धिक चर्चाओं के बाद शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। स्वयंसेवकों ने गीतों और संगीत के माध्यम से मानवीय मूल्यों का संदेश दिया, जिसका उपस्थित लोगों ने भरपूर आनंद लिया।
यह पूरा आयोजन तीन इकाइयों के कार्यक्रम अधिकारियों डॉ. यशवंत यादव (अटल बिहारी वाजपेयी इकाई), डॉ. रक्षा (अहिल्या बाई होलकर इकाई) और डॉ. सरिता सिंह (सुभाष चन्द्र बोस इकाई) के कुशल निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का संचालन डॉ. यशवंत यादव ने किया, जबकि डॉ. रक्षा ने अतिथियों का स्वागत और डॉ. सरिता सिंह ने आभार व्यक्त किया।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: International Women’s Day के रंगों का क्या है मतलब, जानिए बैंगनी, सफेद और हरे रंग का खास संदेश

