Siddharthanagar News: उसका बाजार थाने में 6.87 करोड़ से बनेगा आधुनिक प्रशासकीय भवन, मंत्री अनिल राजभर ने किया शिलान्यास
Siddharthanagar News: जनपद सिद्धार्थनगर के थाना उसका बाजार में 6 करोड़ 87.56 लाख रुपये की लागत से प्रशासकीय भवन (जी+2) का निर्माण कराया जाएगा।
शनिवार को श्रम एवं सेवायोजन मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अनिल राजभर ने भूमि पूजन और शिलापट का अनावरण कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन और मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह मौजूद रहे।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा थाना
प्रभारी मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि प्रशासकीय भवन का निर्माण थाना उसका बाजार को मॉडल थाना बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की कानून व्यवस्था को मजबूत किया गया है और पुलिस विभाग को आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मियों के आवास, कार्यालय और पुलिस लाइन की सुविधाओं को लगातार बेहतर किया जा रहा है। तकनीक के इस्तेमाल से पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने पर भी सरकार का जोर है।
पुलिस व्यवस्था को मिलेगी मजबूती
भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या ने कहा कि नए प्रशासकीय भवन के बनने से क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और लोगों को बेहतर सुरक्षा सुविधाएं मिल सकेंगी।

जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने कहा कि भवन निर्माण से थाना परिसर की व्यवस्थाएं बेहतर होंगी और पुलिसकर्मियों को काम करने के लिए आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।
अपर पुलिस अधीक्षक प्रशान्त कुमार ने भवन निर्माण से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सीमा मिश्रा ने किया।
मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह ने अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार जताया।
कार्यक्रम में पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान, जिला उपाध्यक्ष आशीष शुक्ला, नगर पंचायत उसका बाजार अध्यक्ष प्रतिनिधि हेमन्त जायसवाल समेत संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

