Siddharthanagar News: इतिहास से पर्यटन तक, जनपद की पहचान को वैश्विक बनाने पर हुआ मंथन

कपिलवस्तु की बौद्ध विरासत, कालानमक चावल और हेरिटेज टूरिज्म को वैश्विक पहचान दिलाने पर हुई चर्चा

Siddharthanagar News: विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर सिद्धार्थनगर में ‘सेवा संकल्प’ अभियान के तहत ‘सिद्धार्थनगर में पर्यटन : संभावनाएं, चुनौतियां एवं समाधान’ विषय पर गोष्ठी आयोजित की गई।

इसमें जिले की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को पर्यटन से जोड़ने, पर्यटकों के लिए सुविधाएं बढ़ाने और पर्यटन एवं हॉस्पिटैलिटी सेक्टर को मजबूत करने पर चर्चा हुई।

कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ होटल कारोबारी, पर्यटन व्यवसायी, बैंक प्रतिनिधि और अन्य संबंधित क्षेत्रों के लोग शामिल हुए।

मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक वर्मा रहे, जबकि अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह ने की। अपर जिलाधिकारी एवं प्रभारी नोडल पर्यटन डॉ. ज्ञान प्रकाश और अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत प्रसाद कुमार विशिष्ट अतिथि रहे।

कपिलवस्तु से कालानमक तक पहचान बनाने पर जोर

गोष्ठी में कपिलवस्तु की बौद्ध विरासत, कालानमक चावल और हेरिटेज टूरिज्म को सिद्धार्थनगर की पहचान और पर्यटन विकास का महत्वपूर्ण आधार बताया गया।

पर्यटन स्थलों पर बेहतर सुविधाएं, कनेक्टिविटी, होटल उद्योग को वित्तीय सहायता और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर भी चर्चा हुई।

दीपक वर्मा ने कहा कि सिद्धार्थनगर भगवान बुद्ध की स्मृतियों और कपिलवस्तु जैसी ऐतिहासिक विरासत से जुड़ा जिला है।

उन्होंने पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के साथ होटल और पर्यटन कारोबारियों के बेहतर समन्वय को जरूरी बताया।

Siddharthanagar News

उन्होंने ओडीओपी उत्पाद ‘कालानमक कुकीज’ और ऐतिहासिक स्थलों को जिले की पहचान मजबूत करने का माध्यम बताया।

मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह ने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सुरक्षित और मजबूत इकोसिस्टम तैयार किया जा रहा है। इसमें बैंकों की वित्तीय सहायता के साथ पुलिस और अग्निशमन विभाग की सुरक्षा व्यवस्था भी शामिल है।

‘सिद्धार्थनगर : वर्तमान से लेकर अतीत तक’ पुस्तक का विमोचन

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी डॉ. ज्ञान प्रकाश और अलका पांडेय द्वारा लिखित ‘सिद्धार्थनगर : वर्तमान से लेकर अतीत तक’ पुस्तक का विमोचन किया गया।

अलका पांडेय ने पुस्तक पर प्रस्तुतीकरण देते हुए बताया कि इसे 12 अध्यायों में विभाजित किया गया है।

पुस्तक में कालानमक चावल के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व के साथ कपिलवस्तु की बौद्धकालीन विरासत से लेकर आधुनिक सिद्धार्थनगर की विकास यात्रा को शामिल किया गया है।

इसे पर्यटकों और शोधकर्ताओं के लिए उपयोगी सामग्री के रूप में भी प्रस्तुत किया गया।

पर्यटकों की सुरक्षा पर भी फोकस

अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत प्रसाद कुमार ने पर्यटन स्थलों और होटलों के आसपास पुलिस गश्त मजबूत करने पर जोर दिया।

होटल और सराय संचालकों को सीसीटीवी सक्रिय रखने तथा आगंतुकों के पहचान पत्रों का रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए।

अग्निशमन विभाग ने आग से बचाव, आपातकालीन उपकरणों और आपदा प्रबंधन को लेकर भी जानकारी दी।

Siddharthanagar News

कार्यक्रम में ‘बुद्धा डिलाइट कालानमक राइस कुकीज’ का स्टॉल लगाया गया। इसके अलावा एक्सिस बैंक, केनरा बैंक और पंजाब नेशनल बैंक ने होटल एवं पर्यटन कारोबारियों के लिए उपलब्ध वित्तीय और ऋण योजनाओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम में पर्यटन विभाग, बैंकिंग क्षेत्र, स्थानीय कारोबारी और प्रशासनिक अधिकारियों समेत कई लोग मौजूद रहे।

रिपोर्ट- ज़ाकिर खान

Also Read: UP में बारिश का कहर थमा, 4 दिन में 81 मौतें, 2,254 मकान क्षतिग्रस्त, अब बढ़ेगा तापमान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.